1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इंडिगो ने दिल्ली से इस्तानबुल के लिए शुरू की उड़ान, जल्‍द ही चीन, ब्रि‍टेन, म्‍यांमार से जुड़ेंगे भारत के छोटे शहर

इंडिगो ने दिल्ली से इस्तानबुल के लिए शुरू की उड़ान, जल्‍द ही चीन, ब्रि‍टेन, म्‍यांमार से जुड़ेंगे भारत के छोटे शहर

 Written By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 21, 2019 04:20 pm IST,  Updated : Mar 21, 2019 06:57 pm IST

सस्ती उड़ान सेवा देने वाली भारत की एयरलाइन इंडिगो ने दिल्ली से इस्तानबुल के लिये उड़ान शुरू की है।

Indigo- India TV Hindi
Indigo

नई दिल्‍ली। सस्ती उड़ान सेवा देने वाली भारत की एयरलाइन इंडिगो ने दिल्ली से इस्तानबुल के लिए उड़ान शुरू की है। इसके साथ ही कंपनी ने ज्यादा से ज्यादा भारतीय शहरों से विभिन्न वैश्विक गंतव्यों के लिए उड़ान शुरू करने की घोषणा की है। इंडिगो एयरलाइन अपने ए320नियो और ए321नियो विमानों की सेवाओं का विस्तार करना चाहती है। कंपनी चीन, वियतनाम, ब्रिटेन, म्यांमार और सउदी अरब के ज्यादा से ज्यादा शहरों के लिए भारतीय शहरों से विमान सेवाएं शुरू करना चाहती है।

इंडिगो के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी विलियम बोल्टर ने कहा कि हम दक्षिण पूर्वी एशिया में अधिक से अधिक गंतव्यों को अपने साथ जोड़ने के बारे में गंभीरता के साथ विचार कर रहे हैं। इसमें वियतनाम और म्यांमार में अधिक संभावनाएं हैं। हम पश्चिमी दिशा में सउदी अरब के लिए जल्द ही उड़ान सेवा शुरू करेंगे।  उन्होंने कहा कि हम चीन में जाने के लिए गंभीरता से विचार कर रहे हैं, जितनी जल्दी हो सके हम चीन के शहरों के लिए अपनी उड़ान शुरू करना चाहेंगे। हम अभी भी उचित गंतव्यों को देख रहे हैं।

बोल्टर ने कहा कि भारत प्रति सप्ताह पांच उड़ानें चीन के लिए चलाता है जबकि चीन हर सप्ताह भारत के लिए 42 उड़ाने संचालित करता है। इसमें संतुलन कायम करने में कुछ समय लग सकता है। मुझे पूरा यकीन है कि भारत- चीन के बीच यात्रा करने वाले काफी यात्री हैं और इस यातायात का अभी तक हम पूरा लाभ नहीं उठा पाए हैं। 

उन्होंने कहा कि एयरलाइन की योजना अगले एक-दो सालों के दौरान अपने बेड़े में 125 ए321नियो विमानों को शामिल करने की है। वर्ष 2019 में हमें एयरबस से इनमें से 20- 25 विमान और प्राप्त हो जाएंगे। भारत की निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो का घरेलू विमान यात्रियों के कुल कारोबार में 40 प्रतिशत तक हिस्सा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा