1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. वित्त मंत्री आज राष्ट्रीय ई-आकलन केंद्र का करेंगी उद्घाटन, आयकर के नियमित आकलन की प्रक्रिया होगी फेसलेस

वित्त मंत्री आज राष्ट्रीय ई-आकलन केंद्र का करेंगी उद्घाटन, आयकर के नियमित आकलन की प्रक्रिया होगी फेसलेस

 Written By: India TV Business Desk
 Published : Oct 07, 2019 06:09 am IST,  Updated : Oct 07, 2019 09:44 am IST

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सोमवार को आयकर विभाग के राष्ट्रीय ई-आकलन केंद्र (एनईएसी) का उद्घाटन करेंगी। इससे करदाताओं और कर अधिकारियों के बीच आमना-सामना की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Finance Minister Nirmala Sitharaman- India TV Hindi
Finance Minister Nirmala Sitharaman

नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सोमवार को आयकर विभाग के राष्ट्रीय ई-आकलन केंद्र (एनईएसी) का उद्घाटन करेंगी। इससे करदाताओं और कर अधिकारियों के बीच आमना-सामना की जरूरत नहीं पड़ेगी यानी आयकर के नियमित आकलन की प्रक्रिया फेसलेस होगी। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि एनईएसी बेहतर करदाता सेवा, प्रधानमंत्री के 'डिजिटल इंडिया' के दृष्टिकोण के अनुरूप करदाताओं की शिकायतों में कमी लाने तथा कारोबार सुगमता को बढ़ाने की दिशा में कदम है। इस मौके पर आयकर अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे।

बयान के अनुसार, 'नई पहल से आकलन प्रक्रिया में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही आएगी। करदाताओं और कर अधिकारियों के बीच आमना-सामना की जरूरत नहीं होगी।' इस नई व्यवस्था में करदाताओं को पंजीकृत ई-मेल और वेब पोर्टल www.incometaxindiaefiling.gov.in (डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.इनकमटैक्सइंडियाईफाइलिंग. जीओवी. इन) के पंजीकृत खातों पर नोटिस मिलेगा। साथ ही पंजीकृत मोबाइल पर तत्काल एसएमएस मिलेगा। इन संदेशों में मुद्दों का जिक्र होगा जिसके आधार पर मामले को जांच के लिए चुना गया है। करदाता नोटिस का जवाब अपनी सुविधानुसार अपने घर या दफ्तर से दे सकते हैं और उसे संबंधित वेब पोर्टल पर अपलोड कर उसे ई-मेल के जरिये राष्ट्रीय ई-आकलन केंद्र को भेज सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा