देशभर के करोड़ों कर्मचारियों और पीएफ जमा करने वाली कंपनियों के लिए अच्छी खबर है। प्राइवेट सेक्टर के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के साथ नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। इस नई सर्विस की मदद से अब कंपनियां EPFO पोर्टल के जरिए सीधे और तेजी से PF पेमेंट कर सकेंगी। बैंक का कहना है कि इस सुविधा से पीएफ जमा करने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान, सुरक्षित और तेज हो जाएगी।
कैसे काम करेगी नई सुविधा?
नए सिस्टम के तहत संस्थान पहले की तरह EPFO पोर्टल पर जाकर PF भुगतान की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसके बाद भुगतान आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के रिटेल इंटरनेट बैंकिंग या कॉर्पोरेट इंटरनेट बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से पूरा किया जा सकेगा। इससे अलग-अलग सिस्टम में लॉग इन करने या लंबी प्रक्रिया अपनाने की जरूरत कम होगी और डिजिटल माध्यम से आसानी से ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा।
PF पेमेंट होगा तेज और सुरक्षित
बैंक के रिटेल लाइबिलिटीज प्रमुख आशीष सिंह ने कहा कि EPFO के साथ इस इंटीग्रेशन का मकसद ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और आसान डिजिटल भुगतान की सुविधा देना है। उनका कहना है कि अब कंपनियां बिना किसी एक्स्ट्रा परेशानी के समय पर PF जमा कर सकेंगी। यह सुविधा खासतौर पर उन नियोक्ताओं के लिए फायदेमंद होगी, जिन्हें हर महीने बड़ी संख्या में कर्मचारियों का पीएफ जमा करना होता है। समय पर भुगतान होने से कर्मचारियों के PF खाते भी बिना देरी के अपडेट हो सकेंगे।
डिजिटल इंडिया को मिलेगा बढ़ावा
सरकार लगातार EPFO की सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में काम कर रही है। हाल ही में EPFO ने अपने पोर्टल और सॉफ्टवेयर को भी अपग्रेड किया है, ताकि सदस्यों और नियोक्ताओं को बेहतर ऑनलाइन सेवाएं मिल सकें। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के साथ यह नई पार्टनरशिप भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा और कागजी प्रक्रिया पर निर्भरता कम होगी।
बैंक का बढ़ता ग्राहक आधार
31 मार्च 2026 तक आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पास करीब 3.8 करोड़ ग्राहक थे। बैंक के कुल जमा ₹2.94 लाख करोड़ से ज्यादा और कुल लोन एवं एडवांस ₹2.90 लाख करोड़ से ज्यादा रहे। ऐसे में EPFO के साथ यह नया इंटीग्रेशन बैंक की डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को और मजबूत बनाएगा।