1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. CNG सप्लाई ठप होने से थम गई मुंबई, MGL ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को लेकर जारी किया ताजा अपडेट

CNG सप्लाई ठप होने से थम गई मुंबई, MGL ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को लेकर जारी किया ताजा अपडेट

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 18, 2025 05:56 pm IST,  Updated : Nov 18, 2025 05:56 pm IST

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चेंबुर में महानगर गैस लिमिटेड की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण रविवार से ही सीएनजी की सप्लाई ठप पड़ी थी।

cng, cng price, cng vehicles, ola, ola cabs, uber, taxi, bus, mumbai, mumbai news, cng pipeline, mgl- India TV Hindi
मंगलवार को भी देखी गई गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइनें Image Source : PTI

मुंबई में सीएनजी की किल्लत से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। मुंबई के चेंबुर में क्षतिग्रस्त हुई महानगर गैस लिमिटेड (MGL) की सीएनजी पाइपलाइन की रिपेयरिंग का काम पूरा हो गया है और अब रिपेयर की गई पाइपलाइन की टेस्टिंग की जा रही है। महानगर गैस लिमिटेड ने इसकी जानकारी दी है। MGL ने बताया कि टेस्टिंग का काम पूरा होते ही सप्लाई फिर से शुरू कर दी जाएगी और सेवाएं पहले की तरह ही सामान्य हो जाएंगी। कंपनी ने कहा कि अगले एक घंटे में मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में सीएनजी गैस की सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है।

रविवार से ही ठप पड़ी थी सीएनजी की सप्लाई

बताते चलें कि महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चेंबुर में महानगर गैस लिमिटेड की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण रविवार से ही सीएनजी की सप्लाई ठप पड़ी थी। हालांकि, सोमवार को सप्लाई ठप होने का व्यापाक असर देखने को मिला। मंगलवार को भी सप्लाई प्रभावित रही और सीएनजी के चालू पंपों पर गाड़ियों की भारी-भरकम भीड़ देखने को मिली। ओला-उबर जैसी ऐप बेस्ड टैक्सी, ऑटो रिक्शा और सामान्य टैक्सी चालकों पर इसका सबसे बुरा असर देखने को मिला, जो अपने काम-धंधे के लिए पूरी तरह से सीएनजी पर ही निर्भर होते हैं।

मंगलवार को भी देखी गई गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइनें

टैक्सी और ऑटो रिक्शा के अलावा, सीएनजी से चलने वाली सरकारी और प्राइवेट बसों के साथ-साथ प्राइवेट गाड़ियों के चालक भी सीएनजी की किल्लत से जूझते हुए दिखाई दिए। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को भी सीएनजी पंपों पर गाड़ियों की लंबी-लंबी लाइनें देखी गईं। महानगर गैस लिमिटेड द्वारा संचालित पंपों समेत ज्यादातर सीएनजी पंपों पर सुबह से ही गाड़ियों की लंबी लाइनें लगना शुरू हो गईं। इनमें काली-पीली टैक्सियों और ऑटो रिक्शा की संख्या सबसे ज्यादा रही। 

गैस भरवाने में लगा 3 से 4 घंटे का समय

टैक्सी ड्राइवरों ने बताया कि सप्लाई ठप होने की वजह से उन्हें 3 से 4 घंटे तक लाइन में इंतजार करना पड़ा, जबकि आमतौर पर गैस भरवाने में 15 से 30 मिनट का समय लगता है। पेट्रोल विक्रेता संघ के अनुसार, मुंबई शहर में लगभग 150 सीएनजी पंप हैं और इनमें से कई पंप कम प्रेशर के कारण सोमवार सुबह से ही बंद पड़े हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा