1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत में बनेंगी Reliance जैसी 100 नई कंपनियां! मुकेश अंबानी बोले- AI से डरिए मत, यही देगा करोड़ों नौकरियां

भारत में बनेंगी Reliance जैसी 100 नई कंपनियां! मुकेश अंबानी बोले- AI से डरिए मत, यही देगा करोड़ों नौकरियां

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Feb 04, 2026 09:04 pm IST,  Updated : Feb 04, 2026 09:04 pm IST

भारत अब सिर्फ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि अगली टेक्नोलॉजी क्रांति का भी नेतृत्व करने की तैयारी में है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने मंगलवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़ी और भरोसेमंद बात कही।

मुकेश अंबानी का...- India TV Hindi
मुकेश अंबानी का मास्टरप्लान Image Source : POSTED ON YOUTUBE BY @RELIANCEUPDATES

भारत के आर्थिक भविष्य और टेक्नोलॉजी की ताकत को लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने एक बार फिर बड़ा भरोसा जताया है। दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी ब्लैक रॉक के CEO लैरी फिंक के साथ खास बातचीत में अंबानी ने कहा कि आने वाले समय में भारत में रिलायंस जैसी 100 नई बड़ी कंपनियां खड़ी होंगी। उन्होंने साफ किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यही तकनीक आगे चलकर करोड़ों नई नौकरियों का रास्ता खोलेगी।

मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है, जो नई तकनीक को सबसे तेजी और बेहतर तरीके से अपनाते हैं। डिजिटल पेमेंट, इंटरनेट और मोबाइल टेक्नोलॉजी इसके बड़े उदाहरण हैं। ऐसे में AI भारत के लिए खतरा नहीं, बल्कि विकास का बड़ा अवसर है। ब्लैक रॉक के CEO लैरी फिंक ने भी इस बात से सहमति जताते हुए कहा कि भारत की युवा आबादी AI को अपनाकर इसे ग्रोथ का इंजन बना सकती है।

निवेश का असली मंत्र: कंपाउंडिंग

निवेश को लेकर अंबानी ने भारतीयों को साफ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बैंक में साधारण ब्याज पर पड़ा पैसा असली कमाई नहीं देता। असली ताकत शेयर बाजार और निवेश में छिपी कंपाउंडिंग में है। हर भारतीय को मुनाफे पर मुनाफा कमाने की सोच अपनानी चाहिए, ताकि उनकी बचत भविष्य में बड़ा धन बन सके।

अगले 10 सालों में तेज रफ्तार से बढ़ेगा भारत

लैरी फिंक ने भरोसा जताया कि भारत अगले एक दशक तक 8% से 10% की दर से आर्थिक विकास करता रहेगा। वहीं अंबानी ने कहा कि इसी दौरान भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन जाएगा। मजबूत नीतियां, स्थिर सरकार और बढ़ता निवेश भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

100 नई ‘रिलायंस’ का सपना

भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम पर बात करते हुए अंबानी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था अब फल देने लगी है। सही नीतियों और उद्यमिता के दम पर आने वाले वर्षों में भारत में 100 नई रिलायंस जैसी बड़ी कंपनियां उभरेंगी, जो रोजगार और निवेश दोनों बढ़ाएंगी।

म्यूचुअल फंड और निवेश का भविष्य

जियो-ब्लैक रॉक साझेदारी पर अंबानी ने कहा कि भारत में दशकों से बचत तो होती रही है, लेकिन उसे सही तरीके से निवेश में नहीं बदला गया। इस साझेदारी का मकसद लोगों की बचत को प्रोडक्टिव बनाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले पांच सालों में भारत की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री दोगुनी से भी ज्यादा हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा