1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Waaree Energies के दफ्तर पहुंचा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट, बुधवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए शेयर

Waaree Energies के दफ्तर पहुंचा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट, बुधवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए शेयर

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 19, 2025 04:18 pm IST,  Updated : Nov 19, 2025 04:18 pm IST

बुधवार को बीएसई पर वारी एनर्जी के शेयर 108.05 रुपये (3.29%) की गिरावट के साथ 3175.10 रुपये के भाव पर बंद हुए।

Waaree Energies, Waaree Energies share price, Waaree Energies market cap, income tax raid, income ta- India TV Hindi
बुधवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए वारी एनर्जी के शेयर Image Source : PTI

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने Waaree Energies के कार्यालयों और प्रतिष्ठानों की जांच-पड़ताल की है। कंपनी ने बुधवार को ये जानकारी दी। गुजरात स्थित ये कंपनी सौर ऊर्जा आयात पर शुल्क चोरी के आरोप में अमेरिका में भी जांच का सामना कर रही है। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि वो आयकर अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। वारी एनर्जी ने कहा, ‘‘आयकर (आईटी) विभाग के कुछ अधिकारियों ने आयकर अधिनियम, 1961 के तहत जांच-पड़ताल करने के लिए भारत में कंपनी के कुछ कार्यालयों और इसकी सुविधाओं का दौरा किया।’’ 

अमेरिका में सौर ऊर्जा आयात पर शुल्क की कथित चोरी का आरोप

वारी एनर्जी ने कहा कि कार्यवाही जारी है और अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। वारी एनर्जी ने सितंबर में कहा था कि वो सौर ऊर्जा आयात पर शुल्क की कथित चोरी के लिए कंपनी के खिलाफ जारी जांच में अमेरिकी सरकार के साथ सहयोग करना जारी रखेगी। वारी एनर्जी की सब्सिडरी कंपनी वारी सोलर अमेरिकाज की टेक्सास में 1.6 गीगावाट मॉड्यूल विनिर्माण सुविधा है, जिसे 3.2 गीगावाट तक विस्तारित किया जा रहा है। बताते चलें कि पिछले साल अक्टूबर में वारी एनर्जी अपना आईपीओ लेकर आई थी, जिसके बाद 28 अक्टूबर को इसकी भारतीय शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई थी।

बुधवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए वारी एनर्जी के शेयर

इसी बीच, बुधवार को बीएसई पर वारी एनर्जी के शेयर 108.05 रुपये (3.29%) की गिरावट के साथ 3175.10 रुपये के भाव पर बंद हुए। मंगलवार को 3283.15 रुपये के भाव पर बंद हुए कंपनी के शेयर आज बड़ी गिरावट के साथ 3101.00 रुपये के भाव पर खुले थे, हालांकि बाद में इसमें उछाल देखने को मिला। आज कारोबार के दौरान, कंपनी के शेयर 3085.00 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 3199.00 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बीएसई पर वारी एनर्जी के शेयरों का 52 वीक हाई 3864.40 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 1808.65 रुपये है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, वारी एनर्जी का मौजूदा मार्केट कैप 91,328.86 करोड़ रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा