1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Coronavirus: शेयर बाजार में 'ब्लैक फ्राइडे', सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

Coronavirus: शेयर बाजार में 'ब्लैक फ्राइडे', सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

 Written By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 13, 2020 09:29 am IST,  Updated : Mar 13, 2020 10:29 am IST

बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 3500 से ज्यादा अंक लुढ़क गया वहीं निफ्टी 950 अंक से ज्यादा लुढ़क गया। सेंसेक्स और निफ्टी में कुछ देर के लिए कारोबार रोक दिया गया।

BSE Sensex, NSE Nifty, stock market latest live update - India TV Hindi
BSE Sensex NSE Nifty stock market latest live update on 13 March 2020

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खौफ के चलते भारतीय शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार यानी आज लाल निशान के साथ खुले। भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में कारोबार कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 3500 से ज्यादा अंक लुढ़का गया, उधर निफ्टी भी 950 से ज्यादा अंक लुढ़क गया। फिलहाल सेंसेक्स और निफ्टी में कारोबार शुरू हो गया है।

सेंसेक्स सुबह 10 बजकर 24 मिनट पर 1409.89 अंक यानी 4.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 31,368.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी 434.75 अंक यानी 4.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,155.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

शुक्रवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 3090.62​ से ज्यादा अंक लुढ़क गया। सेंसेक्स शुक्रवार को 31,214.13 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 31,221.47 अंक के उच्च स्तर पर गया जबकि 29,896.31 के निम्न स्तर पर गया। सेंसेक्स के सभी इंडेक्स में गिरावट देखी गई। गौरतलब है कि 4 मार्च 2015 को सेंसेक्स पहली बार 30 हजार के स्तर को पार किया था। निफ्टी में 966.10 अंक यानी 10.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8624.05 अंकों के स्तर पर कारोबार रोक दिया गया। ​​नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 9107.60 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 9133.20 अंक के उच्च स्तर पर गया जबकि 8624.05 के निम्न स्तर पर गया। 

आपको बता दें कि अगर शेयर बाजार में गिरावट 10 फीसदी का आंकड़ा छू लेती है तो लोअर सर्किट लग जाता और ट्रेडिंग रोक दी जाती है। शुक्रवार को भारी गिरावट देखते हुए इसी कारण कारोबार कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। 2008 के बाद शुक्रवार को शेयर बाजार में लोअर सर्किट लगाया गया।

उधर कोरोना वायरस के खौफ के चलते गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार का डाउ जोन्स करीब 10 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 21,200.62 अंक पर बंद हुआ। 1987 के बाद यह अमेरिकी बाजार में सबसे बड़ी एतिहासिक गिरावट है। 

अमेरिकी बाजार की बड़ी गिरावट का असर साफ तौर पर आज शुक्रवार सुबह एशियाई बाजारों पर भी दिखाई दिया, और जापान से लेकर सिंगापुर तक लगभग सभी प्रमुख बाजारों में गिरावट देखी जा रही है। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में टोक्यो के निक्की शेयर बाजार में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गई। इसके अलावा अन्य एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखी जा रही है। हांगकांग के हेंगसेंग करीब 5 प्रतिशत, शंघाई इंडेक्स करीब 2.5 प्रतिशत, सिंगापुर का शेयर बाजार 5 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुका है। 

बाजार को बचाने के लिए मदद करेगा आरबीआई

शेयर बाजार के लिए चारों तरफ से अभी बुरी खबर ही आ रही है। हालांकि, एक अच्छी खबर रिजर्व बैंक की तरफ से भी है। रिजर्व बैंक ने गुरुवार को कहा कि वह डूब रहे बाजार के लिए 2 अरब डॉलर की मदद देगा। वह 2 अरब डॉलर की राशि डॉलर-रुपया करंसी स्वाइप कार्यक्रम की मदद से करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा