1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 600 रुपए टूटकर तीन सप्‍ताह के निचले स्‍तर पर आया सोना, चांदी 450 रुपए हुई कमजोर

600 रुपए टूटकर तीन सप्‍ताह के निचले स्‍तर पर आया सोना, चांदी 450 रुपए हुई कमजोर

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Feb 08, 2018 03:56 pm IST,  Updated : Feb 08, 2018 03:56 pm IST

कमजोर वैश्विक संकेतों से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 600 रुपए टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर 30,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

gold rate today- India TV Hindi
gold rate today

नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक संकेतों से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 600 रुपए टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर 30,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग घटने से बहुमूल्य धातु की कीमतों पर दबाव रहा। सोने की तर्ज पर औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की मांग घटने से चांदी भी 450 रुपए के नुकसान के साथ 39,000 रुपए से नीचे 38,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। 

कारोबारियों का कहना है कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना के बीच डॉलर की मजबूती से कारोबारी धारणा पर असर पड़ा। इससे निवेश के सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने का आकर्षण घट गया है। सिंगापुर में सोना 0.61 प्रतिशत के नुकसान से 1,310.10 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.37 प्रतिशत टूटकर 16.28 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। 

राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता का भाव 600-600 रुपए की भारी गिरावट के साथ क्रमश: 30,950 और 30,800 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। इससे पहले 18 जनवरी को भी सोना 99.9 प्रतिशत शुद्धता 30,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर था। गिन्नी के भाव हालांकि 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहे।

सोने की तरह चांदी हाजिर भी 450 रुपए के नुकसान के साथ 38,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 820 रुपए टूटकर 37,735 रुपए प्रति किलोग्राम रह गए। वहीं चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपए तथा बिकवाल 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा के अपने पिछले स्तर पर कायम रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा