1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: सोने की कीमत में बड़ा उछाल, चांदी भी हुई 2021रुपये महंगी

Gold Rate Today: सोने की कीमत में बड़ा उछाल, चांदी भी हुई 2021रुपये महंगी

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 18, 2021 05:05 pm IST,  Updated : May 18, 2021 05:05 pm IST

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, सोना 1869 डॉलर प्रति औंस और चांदी 28.48 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।

Gold price increased rupees 333 sliver rupees 2021 today 18 may citywise rate list- India TV Hindi
Gold price increased rupees 333 sliver rupees 2021 today 18 may citywise rate list Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्‍ली। अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में कीमत धातु की कीमतों में आई तेजी की वजह से मंगलवार को राष्‍ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत में भी उछाल आया। मंगलवार को सोने की कीमत 333 रुपये उछलकर 47,833 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। इससे पहले सोमवार को सोने में 348 रुपये की तेजी आई थी। दो दिनों में सोना 681 रुपये उछल गया है। पूर्व कारोबारी दिवस में सोना 47,500 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्‍यूरिटीज के मुताबिक मंगलवार को सोने की तरह चांदी भी बड़ी तेजी दर्ज की गई। चांदी का भाव 2021 रुपये बढ़कर 73,122 रुपये प्रतिकिलोग्राम हो गया। सोमवार को चांदी का भाव 936 रुपये बढ़ा था। पूर्व कारोबारी सत्र में यह 71,101 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में, सोना 1869 डॉलर प्रति औंस और चांदी 28.48 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।  एचडीएफसी सिक्‍यूरिटीज के वरिष्‍ठ विष्‍लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि कमजोर डॉलर की वजह से सोने की कीमतों को समर्थन मिला।

सोना वायदा कीमतों में गिरावट

कमजोर मांग के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे स्थानीय वायदा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 171 रुपये की गिरावट के साथ 48,303 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून महीने की डिलिवरी के लिये सोने की कीमत 171 रुपये यानी 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48,303 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इसमें 6,693 लॉट के लिये कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों की कटान करने से सोना वायदा कीमतों में हानि दर्ज हुई। वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में सोने की कीमत 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,869.80 डॉलर प्रति औंस हो गई।

यह भी पढ़ें:जानिए भारत के कब और कैसे आएंगे फ‍िर अच्‍छे दिन....

चांदी वायदा कीमतों में तेजी

मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को चांदी की कीमत 469 रुपये की तेजी के साथ 73,793 रुपये प्रति किलो हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के जुलाई डिलीवरी वाले वायदा अनुबंध का भाव 469 रुपये यानी 0.64 प्रतिशत की तेजी के साथ 73,793 रुपये प्रति किलो हो गया। इस वायदा अनुबंध में 12,370 लॉट के लिये सौदे किये गये। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू बाजार में तेजी के रुख के कारण कारोबारियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे चांदी वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयार्क में चांदी का भाव 1.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 28.64 डॉलर प्रति औंस हो गया।

यह भी पढ़ें:809 रुपये वाला LPG Gas Cylinder सिर्फ 9 रुपये में करें बुक, 31 मई तक है मौका

कच्चातेल वायदा कीमतों में तेजी

मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को कच्चा तेल की कीमत 14 रुपये की तेजी के साथ 4,873 रुपये प्रति बैरल हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चातेल के मई डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 14 रुपये अथवा 0.29 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,873 रुपये प्रति बैरल हो गई जिसमें 1,462 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने के कारण वायदा कारोबार में कच्चातेल कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में वेस्ट टैक्सास इंटरमीडिएट कच्चे तेल का दाम 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 66.75 डॉलर प्रति बैरल हो गया। जबकि, वैश्विक मानक माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड का दाम 0.81 प्रतिशत बढ़कर 70.02 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

यह भी पढ़ें:मनी ट्रांसफर के लिए NEFT का इस्‍तेमाल करने वालों को RBI ने किया अलर्ट...

निकेल वायदा कीमतों में तेजी

हाजिर बाजार में एलॉय निर्माताओं की मांग बढ़ने के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को निकेल वायदा भाव 0.4 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,327.90 रुपये प्रति किलो हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में मई माह में डिलीवरी होने वाले निकेल अनुबंध का भाव 5.30 रुपये यानी 0.4 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,327.90 रुपये प्रति किलो हो गया। इसमें 1,499 लॉट के लिये सौदे किए गए। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि हाजिर बाजार में एलॉय निर्माताओं की मांग बढ़ने के कारण मुख्यत: निकेल वायदा कीमतों की तेजी को समर्थन प्राप्त हुआ।

यह भी पढ़ें:किसानों को कोविड-19 खर्च से बचाने के लिए लॉन्‍च हुई ये खास योजना

एल्युमीनियम वायदा कीमतों में गिरावट

हाजिर बाजार में कमजोरी के रुख के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों की कटान की जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को एल्युमीनियम की कीमत 1.15 प्रतिशत की हानि के साथ 196.85 रुपये प्रति किलो रह गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में मई माह में डिलीवरी होने वाले अनुबंध के लिये एल्युमीनियम का भाव 1.15 रुपये यानी 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 196.85 रुपये प्रति किलो रह गया। इसमें 1,391 लॉट के लिये सौदे किए गए। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि हाजिर बाजार में उपभोक्ता उद्योगों की मांग घटने के कारण कारोबारियों द्वारा अपने सौदों की कटान करने से वायदा कारोबार में एल्युमीनियम कीमतों में गिरावट आई।

यह भी पढ़ें:अगर कट गया है आपका गलत ई-चालान, तो जानिये कैसे करें शिकायत और बचें जुर्माने से

तांबा वायदा कीमतों में तेजी

हाजिर मांग में तेजी के बीच वायदा कारोबार में मंगलवार को तांबा की कीमत 0.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 787.55 रुपये प्रति किलो हो गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में मई माह में डिलीवरी होने वाले अनुबंध के लिये तांबा का भाव 3.90 रुपये यानी 0.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 787.55 रुपये प्रति किलो हो गया। इसमें 3,792 लॉट के लिये सौदे किये गये। बाजार विश्लेषकों ने तांबा वायदा कीमतों में तेजी आने का श्रेय हाजिर मांग में तेजी के बीच कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने को दिया।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा