1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: कमजोर मांग से सोने में गिरावट जारी, 31350 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया भाव

Gold rate today: कमजोर मांग से सोने में गिरावट जारी, 31350 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया भाव

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 11, 2018 03:43 pm IST,  Updated : Jul 11, 2018 03:43 pm IST

स्थानीय आभूषण निर्माताओं की कमजोर मांग के बीच नरम वैश्विक संकेतों से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 30 रुपए गिरकर 31,350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

gold rate today- India TV Hindi
gold rate today Image Source : GOLD RATE TODAY

नई दिल्ली। स्थानीय आभूषण निर्माताओं की कमजोर मांग के बीच नरम वैश्विक संकेतों से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 30 रुपए गिरकर 31,350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का निर्माताओं की मांग कमजोर पड़ने से 150 रुपए टूटकर 40,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।  

कारोबारियों ने कहा कि नरम वैश्विक संकेतों तथा चीन एवं अमेरिका के बीच छिड़े व्यापार युद्ध के कारण डॉलर के मजबूत होने से धारणा कमजोर बनी रही। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.36 प्रतिशत गिरकर 1,250.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी 0.75 प्रतिशत नरम होकर 15.90 डॉलर प्रति औंस रही। घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण निर्माताओं तथा खुदरा विक्रेताओं की मांग कमजोर रहने से भी कीमतों पर दबाव रहा। 

स्थानीय बाजार में 99.9 प्रतिशत तथा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 30-30 रुपए गिरकर क्रमश: 31,350 रुपए तथा 31,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले मंगलवार को यह 270 रुपए कमजोर कमजोर हुआ था। हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी सीमित सौदों के बीच 24,800 रुपए पर टिकी रही। 

चांदी हाजिर भी 150 रुपए गिरकर 40,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक आपूर्ति वाली चांदी 265 रुपए टूटकर 39,160 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। हालांकि चांदी के सिक्के पुराने स्तर पर ही टिके रहे। सिक्का लिवाल 75 हजार रुपए और सिक्का बिकवाल 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा रहे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा