1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद सोने में आई गिरावट, 140 रुपए घटकर भाव रह गया 38,330 रुपए/10 ग्राम

Gold Rate Today: रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद सोने में आई गिरावट, 140 रुपए घटकर भाव रह गया 38,330 रुपए/10 ग्राम

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 09, 2019 05:33 pm IST,  Updated : Aug 09, 2019 05:33 pm IST

गिरावट का कारण विदेशी बाजारों में इसकी कीमत 1,500 डॉलर प्रति औंस के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर मजबूत होने के बावजूद स्थानीय सर्राफा व्यापारियां की मांग में कमी आना था।

Gold slips Rs 140, still above Rs 38,000 mark- India TV Hindi
Gold slips Rs 140, still above Rs 38,000 mark Image Source : GOLD SLIPS RS 140, STILL

नई दिल्‍ली।  सोने का भाव सर्वकालिक ऊंचाई को छूने के एक दिन बाद शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में 140 रुपए टूट गया। हालांकि इस गिरावट के बाद भी भाव 38,000 रुपए के स्तर से ऊपर 38,330 रुपए पर बना हुआ है। स्थानीय बाजार में आई गिरावट का कारण विदेशी बाजारों में इसकी कीमत 1,500 डॉलर प्रति औंस के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर मजबूत होने के बावजूद स्थानीय सर्राफा व्यापारियां की मांग में कमी आना था।

औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव कम होने के कारण चांदी भी 290 रुपए की हानि के साथ 44,010 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू हाजिर बाजार की मांग में गिरावट के कारण सोने की कीमतों में नरमी आई लेकिन विदेशी बाजारों के सकारात्मक रुख के कारण हानि पर कुछ अंकुश लग गया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा शेयर बाजार की तेजी को देखते हुए निवेशकों का रुख सर्राफा बाजार से हटकर शेयर बाजार की ओर हो गया।

चीन-अमेरिका के बीच जारी व्यापार तनाव और वैश्विक अर्थव्यवस्था की सुस्त होते आर्थिक विकास परिदृश्य के बीच न्यूयॉर्क में सोने का भाव अधिक यानी 1,504 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी भी तेजी के साथ 17.12 डॉलर प्रति औंस हो गई।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ (एआईएसए) के अनुसार, शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना क्रमश: 140-140 रुपए की हानि के साथ क्रमश: 38,330 रुपए और 38,160 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। हालांकि गिन्नी का भाव 28,500 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा। गुरुवार को सोने का भाव 38,470 रुपए प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया था। पिछले दो दिनों में सोने में 1,663 रुपए की तेजी आई थी।

इस बीच चांदी हाजिर की कीमत 290 रुपए घटकर 44,010 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी का भाव 665 रुपए घटकर 43,065 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया। चांदी के सिक्कों की अच्छी मांग रही और इसका भाव 1,000 रुपए की तेजी के साथ लिवाल 88,000 रुपए और बिकवाल 89,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा