1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Adani group के स्टॉक्स ने कहा-झूम बराबर झूम, 13% तक की लगाई छलांग, इस वजह से जोरदार उछाल

Adani group के स्टॉक्स ने कहा-झूम बराबर झूम, 13% तक की लगाई छलांग, इस वजह से जोरदार उछाल

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Sep 19, 2025 10:18 am IST,  Updated : Sep 19, 2025 10:28 am IST

शुरुआती कारोबार में अदानी टोटल गैस ने जबरदस्त बढ़त ली। इसके अलावा समूह के अन्य शेयर अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदानी ग्रीन एनर्जी, और अदानी पोर्ट्स के शेयरों में भी तेजी देखी गई।

अदानी समूह के चेयरमैन गौतम अदानी।- India TV Hindi
अदानी समूह के चेयरमैन गौतम अदानी। Image Source : PTI

शेयर बाजार में गिरावट के रुझान के बीच अदानी ग्रुप के शेयर शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 13 प्रतिशत तक उछल गए। दलाल स्ट्रीट पर इस जोरदार उछाल के पीछे की वजह खास है, जिसमें बाजार नियामक सेबी ने हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा लगाए गए स्टॉक हेराफेरी के आरोपों को खारिज कर दिया। इस फैसले के बाद निवेशकों के बीच विश्वास मजबूत हुआ और अदानी समूह की कंपनियों में तेजी से खरीदारी देखने को मिली।

कौन सा शेयर कितना कर रहा कारोबार

अदानी टोटल गैस ने बढ़त की कमान संभाली। इसका शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 13 प्रतिशत उछलकर ₹606.80 से उछलकर ₹687.35 के उच्च स्तर तक पहुंच गया। सुबह 9:45 बजे तक यह शेयर 8.55% की मजबूती के साथ BSE पर कारोबार कर रहा था। लाइवमिंट की खबर के मुताबिक, अदानी पावर ने भी शानदार शुरुआत की और करीब 9% की बढ़त के साथ ₹686.95 तक पहुंच गए। वहीं, निफ्टी 50 में शामिल अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 5% उछलकर ₹2527.55 पर ट्रेड करता देखा गया।

अन्य प्रमुख अदानी कंपनियां जैसे अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदानी ग्रीन एनर्जी, और अदानी पोर्ट्स के शेयरों में भी 2% से 3% तक की मजबूती दर्ज की गई। साथ ही समूह से जुड़ी सीमेंट कंपनियों सिगाची इंडस्ट्रीज, ACC, और अंबुजा सीमेंट  भी 1% तक की तेजी देखने को मिली, जो बाजार की पॉजिटिव धारणा को दर्शाता है।

हिंडनबर्ग के आरोप बेबुनियाद साबित

भारतीय बाजार नियामक SEBI ने अपनी दो विस्तृत आदेशों में कहा है कि हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा अदानी ग्रुप पर लगाए गए इनसाइडर ट्रेडिंग, बाजार में हेरफेर (मार्केट मैनिपुलेशन) और पब्लिक शेयरहोल्डिंग नियमों के उल्लंघन जैसे आरोप जांच के बाद निराधार पाए गए हैं। सेबी ने यह भी उल्लेख किया कि जिन लेनदेन और ऋणों (लोन) पर सवाल उठाए गए थे, वे सभी ब्याज सहित जांच शुरू होने से पहले ही चुका दिए गए थे, और धन के किसी प्रकार के दुरुपयोग का कोई आरोप सामने नहीं आया। सेबी ने अदानी ग्रुप की इस दलील को भी स्वीकार किया कि जिन लेनदेन को लेकर आरोप लगाए गए थे, वे सभी व्यवसाय के सामान्य संचालन के तहत किए गए वास्तविक व्यापारिक सौदे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा