1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 2110% मुनाफे का नहीं चला जादू! टाटा मोटर्स PV का शेयर 7% टूटा, गिरावट के पीछे बड़ी वजह क्या?

2110% मुनाफे का नहीं चला जादू! टाटा मोटर्स PV का शेयर 7% टूटा, गिरावट के पीछे बड़ी वजह क्या?

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Nov 17, 2025 11:20 am IST,  Updated : Nov 17, 2025 11:20 am IST

टाटा मोटर्स ने दूसरी तिमाही में 2110% की चौंका देने वाली मुनाफे की छलांग दिखाई, लेकिन बाजार इस धमाके से बिल्कुल भी प्रभावित नहीं हुआ। सोमवार, 17 नवंबर को निवेशकों ने कंपनी के शेयरों में जमकर बिकवाली की, जिससे टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) का शेयर शुरुआती कारोबार में ही 7% से ज्यादा टूट गया।

टाटा मोटर्स PV के शेयर...- India TV Hindi
टाटा मोटर्स PV के शेयर हुए क्रैश Image Source : OFFICIAL WEBSITE

शेयर बाजार में सोमवार सुबह एक ऐसा उलटफेर देखने को मिला जिसने निवेशकों को चौंका दिया। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) ने भले ही दूसरी तिमाही में 2110% की चौंकाने वाली छलांग के साथ मुनाफा दर्ज किया हो, लेकिन इसके बावजूद शेयर 7% से ज्यादा फिसल गया। आखिर इतनी बड़ी कमाई के बाद भी कंपनी के शेयर में ऐसी गिरावट क्यों? बाजार के जानकार बताते हैं कि असल तस्वीर मुनाफे जितनी चमकदार नहीं है।

शेयर क्यों टूटा?

सोमवार, 17 नवंबर को TMPV का शेयर 363.15 रुपये के लो लेवल तक गिर गया, जो पिछले क्लोजिंग प्राइस 391.60 रुपये से करीब 7.2% नीचे था। इसका सबसे बड़ा कारण कंपनी की लग्जरी यूनिट जगुआर लैंड रोवर (JLR) का कमजोर प्रदर्शन है, जो पूरे नतीजों पर भारी पड़ा। ब्रोकरेज हाउसों ने साफ कहा है कि भारतीय PV बिजनेस ठीक-ठाक रहा, लेकिन JLR अपने प्रमुख बाजारों में संघर्ष कर रहा है और साइबर अटैक ने इसकी कमर तोड़ दी। कई विश्लेषकों ने TMPV के डिमर्ज्ड स्टॉक को ‘Reduce’ या ‘Sell’ रेटिंग दी है।

2110% मुनाफे की हकीकत क्या है?

टाटा मोटर्स PV यूनिट ने Q2 में 76,170 करोड़ रुपये का मुनाफा दिखाया, लेकिन इसमें वन टाइम नोशनल गेन 82,616 करोड़ रुपये शामिल है। यानी, अगर यह एक्सेप्शनल आइटम हटा दिया जाए तो कंपनी को असल में 6,368 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। हालांकि, कंपनी ने पिछले साल इसी तिमाही में 3056 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। इसके अलावा, राजस्व भी 13.5% घटकर 72,349 करोड़ रुपये रह गया।

JLR: गिरावट की सबसे बड़ी वजह

कंपनी का लग्जरी ब्रांड JLR Q2 में बुरी तरह प्रभावित रहा। JLR को इस तिमाही में 559 मिलियन पाउंड का घाटा हुआ। इसके अलावा, साइबर अटैक के चलते कई दिनों तक प्रोडक्शन भी रुका। कंपनी ने फिस्कल 2026 के टारगेट्स भी कम कर दिए है। पुराना मार्जिन टारगेट 5-7% था, लेकिन अब नया अनुमान 0-2% का ही है। इतना ही नहीं, JLR अब FY26 के लिए 2.2-2.5 बिलियन पाउंड का नेगेटिव फ्री कैश फ्लो मानकर चल रहा है। कंपनी ने यह भी बताया कि Q3 में भी साइबर घटना का असर रहेगा, हालांकि नवंबर में उत्पादन सामान्य हो चुका है।

इन्वेस्टर्स क्यों चिंतित?

TMPV की कमाई दिखाई भले ही आकर्षक रही हो, लेकिन असली बिजनेस प्रॉफिट दबाव में है। JLR की स्थिति खराब है और आगे भी अनिश्चितता बनी हुई है।इसीलिए निवेशकों ने मुनाफे के बावजूद TMPV से दूरी बनाई और शेयर ने आज सुबह ही तेज गिरावट दर्ज की।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा