1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 813 वें उर्स में शामिल होने अजमेर आए 89 पाकिस्तानी, सस्ता सामान देख कर ली हजारों की खरीदारी

813 वें उर्स में शामिल होने अजमेर आए 89 पाकिस्तानी, सस्ता सामान देख कर ली हजारों की खरीदारी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 10, 2025 06:56 pm IST,  Updated : Jan 10, 2025 06:56 pm IST

पाकिस्तान में महंगाई की मार झेल रहे लोगों को सस्ता सामान मिला तो उन्होंने जमकर खरीदारी की। तीर्थ यात्रा पर आए 90 लोगों ने 50-60 हजार का सामान खरीद लिया। सभी पाकिस्तानी भारतीयों की मेहमाननवाजी से बेहद खुश नजर आए।

Jayarin pakistan Urs- India TV Hindi
अपने वतन लौटते पाकिस्तानी जायरीन Image Source : INDIA TV

ख्वाजा गरीब नवाज के 813 वें उर्स में शामिल होने अजमेर आए पाकिस्तानी जायरीन शुक्रवार को शताब्दी एक्सप्रेस से अपने वतन लौट गए। हालांकि, घर लौटने से पहले पाकिस्तानी नागरिकों ने भारत में जमकर खरीदारी की। भारत में पाकिस्तान की अपेक्षा सामान सस्ता है, इसलिए पाकिस्तानी जायरीन ने अपने वतन लौटते समय अजमेर से नमकीन, सोहन पपड़ी, हेलमेट ,प्रेशर कुकर, चाय, साड़ियां, कपडे़ आदि खरीदे। पाकिस्तानी जायरीनों के मार्गदर्शक सुरेश सिंधी ने बताया कि 90  लोगों ने यहां से 40 से 50 हजार रूपये का सामान खरीदा। 

इस बार पाकिस्तान से कुल 91 लोग अजमेर पहुंचे थे। इनमें 89 नागरिक और दो अधिकारी शामिल थे। 7 जनवरी (6 रजब ) को ख्वाजा साहब की छटी शरीफ की खास दुआ में सभी जायरीन  शामिल हुए। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। भारी  पुलिस बल के बीच उन्हें बस के जरिए ले जाया गया। अजमेर के केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पुरानी मण्डी में जायरीनों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी।

शताब्दी एक्सप्रेस से रवाना

भारी पुलिस बल के बीच केंद्रीय बालिका विद्यालय से बस के जरिए जायरीन को रेलवे स्टेशन पहुंचा गया। यहां उन्हें ट्रेन में बैठाया गया। जायरीनों को किसी से बात करने की अनुमति नहीं थी। प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें पहुंचाया और ट्रेन में बैठाकर रवाना किया। पाकिस्तानी नागरिक दिल्ली और अमृतसर होते हुए अपने देश वापस लौटेंगे। इस बार जायरीन काफी कम मात्रा में आए थे। नियम के अनुसार एक बार में अधिकतम 500 लोग आ सकते हैं, लेकिन इस बार यह संख्या 100 भी नहीं थी। इस पर अधिकारी ने कहा कि यह फैसला उच्च स्तर के अधिकारी लेते हैं और जिला स्तर पर लोगों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं होती है।

पाकिस्तान में महंगाई चरम पर

पाकिस्तान में लंबे समय से महंगाई चरम पर है। आटा-दाल जैसी जरूरी चीजों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। इसी वजह से जब पाकिस्तानी नागरिकों को भारत में सस्ता सामान मिला तो उन्होंने दिल खोलकर खरीदारी की। पाकिस्तान में महंगाई का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। 2023 की शुरुआत में पाकिस्तान में महंगाई दर 37.97 फीसदी थी, जो अप्रैल में 36.4 फीसदी पर पहुंच गई थी। यह पाकिस्तान में 55 सालों में महंगाई बढ़ने का सबसे बड़ा आंकड़ा था।

(अजमेर से राजकुमार वर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल का इस्तीफा मंजूर, एक मार्च को होगा नए पार्टी चीफ का चुनाव

मोक्ष पुरी बाबा: अमेरिका में जन्मा एक शख्स महाकुंभ में कैसे बन गया महान बाबा, बताई अपनी पूरी कहानी

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।