1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान के इन जिलों में अगले 3-4 दिन भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

राजस्थान के इन जिलों में अगले 3-4 दिन भारी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 11, 2024 09:06 pm IST,  Updated : Sep 11, 2024 09:14 pm IST

पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने आगामी तीन से चार दिन तक कई जिलों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

heavy rain in rajasthan- India TV Hindi
राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान Image Source : FILE PHOTO

जयपुर: राजस्थान के कई इलाकों में भारी और अति भारी बारिश का सिलसिला अभी कुछ दिन जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, एक कम दबाव का क्षेत्र बुधवार फिर अवदाब में तब्दील हो गया है और फिलहाल उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बना हुआ है और आगामी 24 घंटे में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर आगे बढ़ने का अनुमान है। मौसम केंद्र के अनुसार, इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी तीन से चार दिन मानसून सक्रिय रहने व मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम केंद्र के अनुसार, बुधवार सुबह से शाम साढ़े पांच बजे तक सबसे अधिक बारिश धौलपुर में 55 मिलीमीटर (मिमी), अंता में 23.5 मिमी, माउंट आबू में 15 मिमी, वनस्थली में 13 मिमी, पिलानी में 12 मिमी, जयपुर में 6.4 मिमी, सीकर में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

यहां बारिश का येलो अलर्ट-

जालोर, सिरोही, उदयपुर, डुंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, करौली, बारां, अलवर, दौसा, कोटा और नागौर जिले में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में होगी भारी बारिश

जयपुर मौसम केन्द्र के प्रभारी ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी तीन से चार दिन मानसून सक्रिय रहने व मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि भरतपुर, जयपुर, कोटा व अजमेर संभाग में कहीं-कहीं भारी, अतिभारी बारिश का दौर 12-13 सितंबर को भी जारी रहने की संभावना है। अधिकारी ने बताया कि राज्य में 14-15 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा कुछ भागों में हल्के से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने व सीमावर्ती क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

बनास नदी में नहाने गए 2 चचरे भाईयों की मौत

केकड़ी जिले के टोडाराय सिंह थाना क्षेत्र में बुधवार को बनास नदी में नहाने गए दो चचरे भाईयों की नदी के गहराई में डूब जाने से मौत हो गई। पुलिस उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार गोदारा ने बताया कि कुरासिया गांव में दो चचेरे भाई सुदर्शन (16) और तेजप्रकाश (17) नदी में नहाने गये उतरे थे। पैर फिसलने पर नदी की गहराई में जाने से दोनों की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।

वहीं, दौसा जिले के मंडावरी थाना क्षेत्र में बुधवार को मोरेल बांध पर नहाने गया एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस उपनिरीक्षक सुनील टांक ने बताया कि बुधवार सुबह राखला की ढाणी बगड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय रिंकू मीणा पानी के तेज बहाव में बह गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस, NDRF (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) और SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम युवक की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-एनसीआर में छाए रहेंगे बादल, यूपी-बिहार में बारिश की संभावना, जानें अपने राज्य का मौसम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।