1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तानी कप्तान ने शर्मनाक क्लब में इंजमाम उल हक को पछाड़ा, नजमुल हुसैन शांतो ने रचा इतिहास

पाकिस्तानी कप्तान ने शर्मनाक क्लब में इंजमाम उल हक को पछाड़ा, नजमुल हुसैन शांतो ने रचा इतिहास

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 20, 2026 03:58 pm IST,  Updated : May 20, 2026 03:58 pm IST

बांग्लादेश की धरती पर खेली गई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ हो गया। बांग्लादेश ने दोनों मैचों में बड़े अंतर से धूल चटाई।

PAK vs BAN- India TV Hindi
शान मसूद और नजमुल हुसैन शांतो Image Source : AFP

नजमुल हुसैन शांतो की कप्तानी में बांग्लादेश क्रिकेट नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सिलहट टेस्ट में पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश ने 2-0 से सीरीज अपने नाम कर ली और इसी के साथ इतिहास भी रच दिया। दूसरी ओर पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद के लिए यह हार किसी बुरे सपने से कम नहीं रही, क्योंकि वह टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के सबसे असफल कप्तानों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 77 रन से हराकर सीरीज में क्लीन स्वीप पूरा किया। चौथी पारी में 436 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही पाकिस्तान टीम पांचवें दिन 358 रन पर ढेर हो गई। इसके साथ ही बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ घर में पहली बार टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया। इससे पहले 2024 में भी बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसकी सरजमीं पर 2-0 से हराया था।

नजमुल हुसैन शांतो बने सबसे सफल कप्तान

बांग्लादेश की जीत के सबसे बड़े हीरो तैजुल इस्लाम रहे। उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट झटककर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। आखिरी दिन पाकिस्तान को उम्मीद मोहम्मद रिजवान और साजिद खान की जोड़ी से थी। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े, लेकिन तैजुल ने साजिद खान को आउट कर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद शोरिफुल इस्लाम ने रिजवान को पवेलियन भेजा और पाकिस्तान की पारी 358 रन पर समाप्त हो गई। इस ऐतिहासिक जीत के साथ नजमुल हुसैन शांतो बांग्लादेश के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 18 टेस्ट मैचों में आठवीं जीत दर्ज की और पूर्व कप्तान मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 34 मैचों में सात जीत हासिल की थीं।

बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले कप्तान

  • नजमुल हुसैन शांतो - 18 मैचों में 8 जीत
  • मुशफिकुर रहीम - 34 मैचों में 7 जीत
  • शाकिब अल हसन - 19 मैचों में 4 जीत

शान मसूद ने किया शर्मनाक कारनामा

जहां शांतो सफलता की नई कहानी लिख रहे हैं, वहीं शान मसूद की कप्तानी लगातार सवालों के घेरे में है। 2023 से अब तक उन्होंने पाकिस्तान के लिए 16 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है, जिसमें सिर्फ चार जीत मिली हैं जबकि 12 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही उन्होंने इंजमाम उल हक को पीछे छोड़ दिया और टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के दूसरे सबसे ज्यादा मैच हारने वाले कप्तान बन गए।

सबसे ज्यादा टेस्ट हारने वाले पाकिस्तानी कप्तान

  • इंजमाम उल हक - 56 मैचों में 19 हार
  • शान मसूद - 16 मैचों में 12 हार
  • इंजमाम-उल-हक - 31 मैचों में 11 हार

यह भी पढ़ें:

प्लेऑफ से ठीक पहले RCB के स्टार ओपनर की वापसी का रास्ता साफ, 1 महीने पहले छोड़ा था टीम का साथ

टीम इंडिया में फिर हो गई फ्लॉप खिलाड़ी की एंट्री, कप्तान शुभमन गिल से दोस्ती का मिला फायदा!

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल