1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान ने गिरते-पड़ते जीता तीसरा ODI, 158 रन बनाने में छूट गए टीम के पसीने

पाकिस्तान ने गिरते-पड़ते जीता तीसरा ODI, 158 रन बनाने में छूट गए टीम के पसीने

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 05, 2026 07:31 am IST,  Updated : Jun 05, 2026 07:38 am IST

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज को पाकिस्तान ने 2-1 से अपने नाम किया। लेकिन तीसरे वनडे में एक बार फिर पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए।

PAK vs AUS- India TV Hindi
पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया Image Source : PTI

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाल ही में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई, जिसे शाहीन की कप्तानी में मेजबान टीम ने 2-1 से अपने नाम किया। सीरीज के तीसरे मुकाबले को पाक टीम ने 4 विकेट से अपने नाम किया। मुकाबले की बात करें तो वहां पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के सामने महज 158 रन का टारगेट रखा था। इस टारगेट को वनडे क्रिकेट में काफी आसान माना जाता है लेकिन इस लक्ष्य को हासिल करने में पाक बल्लेबाजों के पसीने छूट गए।

बाबर ने तीसरे वनडे में खेली धीमी पारी

पाकिस्तान के बल्लेबाजों को इस छोटे टारगेट को हासिल करने में 41.5 ओवर लग गए। अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम ने इस मैच में काफी धीमी बल्लेबाजी की और उन्होंने 84 बॉल में सिर्फ 40 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट इस पारी के दौरान 50 से भी कम का रहा। वहीं सलमान आगा ने 24 बॉल पर 15 रन की पारी खेली। वहीं अराफात मिन्हास ने 28 बॉल पर मात्र 9 रन बनाए। एक वक्त इस मुकाबले में ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान कहीं ये मैच हार न जाए, लेकिन अब्दुल समद और शादाब खान ने 67 बॉल पर 49 रन की साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई। समद 30 बॉल पर 18 और शादाब खान 42 बॉल पर 29 रन बनाकर नाबाद लौटे।

जोश इंगलिस ने तीसरे वनडे में लगाया अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी को लेकर बात करें तो उनके लिए इस मैच में जोश इंगलिस ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 71 गेंदों में 8 चौके और एक छक्के की मदद से 65 रन बनाए। वहीं मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कैरी ने 19-19 रनों की पारी खेली। एडम जम्पा ने 23 बॉल पर 10 रन का योगदान दिया। बाकी के कंगारू बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में अपने आखिरी के 7 विकेट सिर्फ 38 रन में गंवा दिए। गेंदबाजी में पाक कप्तान शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए। वहीं अबरार अहमद और शादाब खान ने 2-2 विकेट निकाले।

वनडे सीरीज के तीनों मैच रहे लो स्कोरिंग

सीरीज के तीनों मैच काफी लो स्कोरिंग रहे। पहले वनडे मैच को मेजबान पाकिस्तान ने 5 विकेट से अपने नाम किया था। दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार वापसी की और 231 रन को डिफेंड करते हुए 41 रनों से मैच जीता। पाकिस्तान के लिए पूरी सीरीज में अराफात मिन्हास ने जबरदस्त गेंदबाजी की। उन्होंने तीन मैचों में 7 विकेट लिए। उन्होंने सीरीज के पहले मुकाबले में डेब्यू किया था और वहां 5 विकेट लेकर इतिहास रचा था। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला।

यह भी पढ़ें

VIDEO: सात समंदर पार दिखी वैभव सूर्यवंशी की दीवानगी, लॉर्ड्स टेस्ट मैच के बीच हुई चर्चा

ओली रॉबिन्सन की धमाकेदार वापसी, लॉर्ड्स टेस्ट में बरपाया कहर, पहले दिन गिरे 16 विकेट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल