1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सैयद मोदी बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल से बाहर हुए किदाम्बी श्रीकांत

सैयद मोदी बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल से बाहर हुए किदाम्बी श्रीकांत

 Edited By: Bhasha
 Published : Nov 29, 2019 08:57 pm IST,  Updated : Nov 29, 2019 09:53 pm IST

भारतीय स्टार शटलर किदाम्बी श्रीकांत क्वार्टरफाइनल में हारकर सैयद मोदी बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। वहीं महिला एकल में पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन ऋतुपर्णा ने भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए क्वार्टरफाइनल में श्रुति मुंडाडा को 24-26 21-10 21-19 से पराजित किया।

Syed Modi International, Kidambi Srikanth, Sourabh Verma Lakshya Sen- India TV Hindi
Kidambi Srikanth Image Source : GETTY IMAGES

भारतीय शटलर सौरभ वर्मा और ऋतुपर्णा दास ने शुक्रवार को सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया लेकिन किदाम्बी श्रीकांत क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गये। इस साल हैदराबाद और वियतनाम में दो बीडब्ल्यूएफ सुपर 100 खिताब जीतने वाले सौरभ ने क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसर्ण पर 21-19 21-16 से जीत दर्ज की। 

अब पुरूष एकल फाइनल में जगह बनाने के लिये 26 साल के सौरभ का सामना कोरिया के हियो क्वांग ही से होगा। हालांकि तीसरे वरीय श्रीकांत का संघर्ष जारी रहा और उनकी चुनौती दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी सोन वान हो से हारने से समाप्त हो गयी। उन्हें 18-21 19-21 से हार का सामना करना पड़ा जो उनकी इस सातवें वरीय कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ 11 भिड़ंत में सातवीं पराजय है। 

महिला एकल में पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन ऋतुपर्णा ने भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए क्वार्टरफाइनल में श्रुति मुंडाडा को 24-26 21-10 21-19 से पराजित किया। ऋतुपर्णा का सामना अब शनिवार को थाईलैंड की फिटायापोर्ण चाइवान से होगा। 

महिला युगल स्पर्धा में कुहू गर्ग और अनुष्का पारिख की जोड़ी हांगकांग की एनजी विंग युंग और येयुंग एनगा टिंग की जोड़ी से 15-21 9-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गयी। इससे पहले सिमरन सिंघी और ऋतिका ठाकेर की जोड़ी को भी एक अन्य क्वार्टरफाइनल मैच में पराजय मिली।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल