1. Hindi News
  2. तेलंगाना
  3. हैदराबाद में छात्रा की मौत का मामला, राज्यपाल ने मुख्य सचिव और डीजीपी से रिपोर्ट मांगी

हैदराबाद में छात्रा की मौत का मामला, राज्यपाल ने मुख्य सचिव और डीजीपी से रिपोर्ट मांगी

 Published : Oct 14, 2023 02:51 pm IST,  Updated : Oct 14, 2023 02:51 pm IST

हैदराबाद के अशोक नगर में छात्रा की मौत के मामले में राज्यपाल ने मुख्य सचिव और डीजीपी से रिपोर्ट मांगी है। छात्रा की मौत के बाद सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने राज्य की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।

तमिलिसाई सौंदरराजन, राज्यपाल- India TV Hindi
तमिलिसाई सौंदरराजन, राज्यपाल Image Source : फाइल

हैदराबाद: तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक युवती के कथित तौर पर आत्महत्या करने पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने इस घटना को लेकर राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव से 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी। राज्यपाल ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रही प्रवल्लिका (23) के शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई है। राजभवन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रवल्लिका की असामयिक मृत्यु से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा अभ्यर्थियों के सामने उत्पन्न चुनौतियां रेखांकित होती हैं। 

प्रवल्लिका ने शुक्रवार को यहां अशोक नगर स्थित अपने छात्रावास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने राज्य की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।

बता दें कि तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (TSPSC) परीक्षा की अभ्यर्थी प्रवालिका अपने छात्रावास के कमरे में मृत पाई गईं। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि वारंगल की रहने वाली 23 वर्षीय प्रवालिका तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षा की तैयारी के लिए हैदराबाद आई थी और उसने ग्रुप-1 और ग्रुप-2 दोनों परीक्षाओं का प्रयास किया था। ग्रुप-1 की परीक्षाएं दो बार रद्द कर दी गईं और ग्रुप-2 की परीक्षाएं भी चुनाव के कारण फिर से स्थगित कर दी गईं। (इनपुट-भाषा)

बार-बार परीक्षा कैंसिल होने के कारण  प्रवालिका ने कथित तौर पर निराश होकर यह कदम उठाया। उसके परिजनों और दोस्तों ने बताया कि “वह परीक्षा बार-बार कैंसिल हो जाने के कारण बहुत व्यथित थी। प्रवालिका के एक करीबी दोस्त ने कहा, ''जब परीक्षाएं स्थगित होती रहीं तो उसे एक निजी छात्रावास में रहना जारी रखने के लिए संघर्ष करना पड़ा।'' महिला अभ्यर्थी प्रवालिका की कथित आत्महत्या की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैली, जिससे सैकड़ों युवा उसके हॉस्टल के पास जमा हो गए। इसके बाद, प्रदर्शनकारियों ने ट्रैफिक को रोक दिया, जिससे अशोक नगर और आरटीसी चौराहे पर देर रात यातायात बाधित हो गया। घंटों चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। तेलंगाना से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।