1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: सीएम योगी के निधन का झूठा स्टेटस लगाना युवक को पड़ा महंगा, हुआ गिरफ्तार, केस भी दर्ज

यूपी: सीएम योगी के निधन का झूठा स्टेटस लगाना युवक को पड़ा महंगा, हुआ गिरफ्तार, केस भी दर्ज

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : May 15, 2024 02:02 pm IST,  Updated : May 15, 2024 02:59 pm IST

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के निधन का झूठा स्टेटस लगाने पर साकिब नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आरोपी गिरफ्तार। - India TV Hindi
आरोपी गिरफ्तार। Image Source : INDIA TV

बरेली: सीएम योगी के निधन का झूठा स्टेटस लगाने वाले एक युवक को यूपी के बरेली से गिरफ्तार किया गया है। युवक की पहचान साकिब के रूप में हुई है। आरोपी साकिब के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

क्या है पूरा मामला?

साकिब ने देर रात सीएम योगी की मौत का स्टेटस लगाकर उसे वायरल किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साकिब किला थाना क्षेत्र के गुलाब नगर का रहने वाला है।

एफआईआर में कहा गया है कि साकिब शमसी पुत्र मशकुर हुसैन मोहल्ला गुलाब नगर, बरेली का रहने वाला है। साकिब ने अपने स्टेटस में सीएम योगी की हार चढ़ी हुई तस्वीर लगाई, जिसमें लिखा हुआ था कि कल रात 12.30 मिनट पर योगी जी हमारे बीच में नहीं रहे। 

एफआईआर दर्ज कराने वाले जितेंद्र शर्मा ने कहा कि साकिब के इस कदम से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं और अन्य लोगों को भी ठेस पहुंची है। इसलिए साकिब के खिलाफ कार्रवाई करें। 

महोबा में गरजे योगी आदित्यनाथ

एक तरफ सीएम योगी के निधन की फर्जी खबर को स्टेटस में लगाकर वायरल किया गया, वहीं दूसरी तरफ सीएम योगी महोबा में जमकर विरोधियों पर निशाना साध रहे थे।

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले डकैतों का आतंक था। बड़े-बड़े माफिया थे। सपा, बसपा और कांग्रेस ने तो केवल माफिया दिए। अराजकता फैला रहे थे, लूट खसोट मचा रहे थे, सड़कों को बर्बाद कर रहे थे। नौजवानों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा खतरे में थी। विकास ठप पड़ा हुआ था।

सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान की आबादी कितनी है 23 से 24 करोड़। पीएम मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालकर खुशहाल जीवन जीने के लिए आगे बढ़ाया है। पाकिस्तान की जितनी आबादी है, उससे ज्यादा लोग हमारे यहां गरीबी से उबरे हैं। जो पाकिस्तान का राग अलाप रहे हैं, इनसे बोलो कि अगर पाकिस्तान से इतना प्यार है तो हिंदुस्तान में बोझा क्यों बने हो, जाओ न पाकिस्तान, वहां भी कटोरे लेकर भीख मांगो। (इनपुट: अनूप मिश्रा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।