1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. अफ्रीका में तेजी से फैल रहा है एमपॉक्स, सामने आए एक हजार से अधिक नए मामले; अभी जान लें इसके लक्षण

अफ्रीका में तेजी से फैल रहा है एमपॉक्स, सामने आए एक हजार से अधिक नए मामले; अभी जान लें इसके लक्षण

 Published : Aug 22, 2024 07:35 am IST,  Updated : Aug 22, 2024 07:35 am IST

अफ्रीकी देशों में मंकीपॉक्स तेजी से फैल रहा है। अब तक इस बीमारी से 541 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले सात दिनों में अफ्रीका में 1,405 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 1,030 मामले कांगो में दर्ज किए गए हैं।

अफ्रीकी देशों में फैल रहा है मंकीपॉक्स- India TV Hindi
अफ्रीकी देशों में फैल रहा है मंकीपॉक्स Image Source : FILE AP

केपटाउन: अफ्रीकी देश कांगो में बीते एक समाप्त में एक हजार से अधिक मंकीपॉक्स के नए मामले सामने आए हैं। वहीं, अफ्रीकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने महाद्वीप पर इसके ‘‘बढ़ते’’ खतरे से लड़ने में मदद के लिए आवश्यक टीकों की मांग की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन पहले ही अफ्रीका में प्रकोप को वैश्विक आपातकाल घोषित कर चुका है। मंकीपॉक्स वायरस उसी परिवार से संबंधित है जिनसे चेचक होता है, लेकिन यह बुखार, ठंड लगना और शरीर में दर्द जैसे हल्के लक्षण पैदा करता है। यह अधिकतर यौन संबंध सहित त्वचा से त्वचा के नजदीकी संपर्क से फैलता है। ज्यादा गंभीर मामलों वाले लोगों के चेहरे, हाथ, छाती और जननांगों पर फोड़े हो सकते हैं। 

कितने लोगों की हो चुकी है मौत

अफ्रीका के 54 देशों में से 12 देशों में मंकीपॉक्स के मामलों की पुष्टि हो चुकी है जबकि कांगो में इस साल अब तक सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। अफ्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (अफ्रीका सीडीसी)ने बताया कि 2024 में कुल 18,910 मामलों में से 94 प्रतिशत या 17,794 मामले अकेले कांगो में सामने आए हैं। केंद्र के मुताबिक इस साल इस बीमारी से 541 लोगों की मौत हुई है जिनमें से 535 मौतें अकेले कांगो में हुई हैं। आंकड़े संभवतः कम आंके गए हैं, क्योंकि कांगो में पांच में से केवल एक संदिग्ध मामले की ही ‘मंकीपॉक्स’ के लिए जांच की जा रही है। 

अफ्रीकी देशों में हैं सीमित क्षमताएं

अफ्रीका सीडीसी के महानिदेशक डॉ जीन कासेया ने कहा कि कई प्रभावित अफ्रीकी देशों में परीक्षण और निगरानी क्षमताएं सीमित हैं। अफ्रीका सीडीसी की तरफ से मंगलवार देर रात उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले सात दिनों में अफ्रीका में 1,405 नए मामलों में से 1,030 मामले कांगो में दर्ज किए गए। अफ्रीका में ‘मंकीपॉक्स’ के बढ़ते मामलों तथा कांगो में अधिक आसानी से फैलने में सक्षम वायरस के एक नए प्रकार की पहचान के मद्देनजर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पिछले सप्ताह इसे वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया। 

टीके की 30 लाख खुराक की है जरूरत

अफ्रीका सीडीसी के महानिदेशक ने बताया कि उनके संगठन से यूरोपीय संघ और टीका निर्माता कंपनी बवेरियन नॉर्डिक से मंकीपॉक्स रोधी टीके की 215,000 खुराक मुहैया कराने का वादा किया है। अमेरिका की सहायता एजेंसी ने कहा कि उसने कांगो को टीके की 50,000 खुराक दान की है। जापान ने भी कांगो को टीके की कुछ खुराक दान की हैं। लेकिन अफ्रीका को संभवतः इससे कहीं अधिक की आवश्यकता है। कांगो के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अकेले उनके देश को इस प्रकोप से निपटने के लिए टीके की 30 लाख खुराक की आवश्यकता है, जो कम से कम चार निकटवर्ती अफ्रीकी देशों में फैल गया है। (एपी)

यह भी पढ़ें:

बांग्लादेश में कब होंगे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव, अंतरिम सरकार के शीर्ष अधिकारी ने दिया जवाब

'भारत को लेना है फैसला', पीएम मोदी की यूक्रेन यात्रा से पहले अमेरिका की तरफ से आया बड़ा रिएक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश