1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सीजफायर लाइन के पास साइकिल से घूम रहे थे 2 फिलिस्तीनी, इजरायल ने ड्रोन भेजकर मार डाला

सीजफायर लाइन के पास साइकिल से घूम रहे थे 2 फिलिस्तीनी, इजरायल ने ड्रोन भेजकर मार डाला

 Published : Feb 10, 2026 10:38 pm IST,  Updated : Feb 10, 2026 10:38 pm IST

गाजा पट्टी में सीजफायर लाइन के पास इजरायली ड्रोन हमले में दो फिलिस्तीनी युवकों की मौत हो गई। इसके अलावा मघाजी शरणार्थी शिविर में एक महिला भी मारी गई। बता दें कि दोनों पक्षों में सीजफायर के बावजूद हिंसा जारी है, जिससे इलाके में तनाव बना हुआ है।

Gaza drone attack, Israeli drone strike, Palestinian civilians killed- India TV Hindi
सीजफायर के बावजूद गाजा में हमले होते रहे हैं। Image Source : AP

देर अल-बलाह: गाजा पट्टी में इजरायली ड्रोन हमले में मंगलवार को फिलिस्तीन के 2 साइकिल सवार युवकों की मौत हो गई। अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों युवक गाजा को बांटने वाली सीजफायर लाइन के पास पूर्वी देर अल-बलाह में मारे गए। इस रेखा के एक हिस्से पर इजरायल का कब्जा है। बता दें कि अक्टूबर में हुए सीजफायर के बाद भी मौतों का सिलसिला जारी हैं, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया है।

हमलों को लेकर इजरायल की सेना ने दिया था जवाब

अल-अक्सा शहीद अस्पताल ने यह भी बताया कि मध्य मघाजी शरणार्थी शिविर में इजरायली गोलीबारी में एक महिला की भी मौत हुई और उसका शव अस्पताल लाया गया। इजरायली सेना ने इन हमलों पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया है। इससे पहले के मामलों में सेना ने कहा था कि उसके सैनिकों पर हमले या संघर्षविराम का उल्लंघन होने की स्थिति में वह जवाबी कार्रवाई करती है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि संघर्षविराम शुरू होने के बाद अब तक 586 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। युद्ध शुरू होने से लेकर अब तक कुल मौतों की संख्या 72037 हो गई है।

संघर्षों के बावजूद सामने आईं राहत देने वाली खबरें

बता दें कि दोनों पक्षों के बीच सीजफायर 10 अक्टूबर को लागू हुआ था, लेकिन उसके बाद इजरायल के हमलों में कई लोगों की जानें गई हैं। गाजा के लोगों का कहना है कि उन्हें लगता है जैसे युद्ध अभी भी जारी है। हालांकि इस बीच फिलिस्तीनियों की तरफ से भी हमलों की खबरें आई हैं। इन सब संघर्षों के बावजूद कुछ राहत देने वाली खबरें हैं और अफरा-तफरी के बाद अब ज्यादा फिलिस्तीनी रफाह सीमा चौकी से मिस्र आवाजाही कर रहे हैं। गाजा में सुरक्षा मुहैया कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय शांति रक्षक बल बनाने की योजनाएं भी आकार ले रही हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश