1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार उपचुनाव: तेजस्वी यादव ने सरकार पर जनता को डराने का आरोप लगाया

बिहार उपचुनाव: तेजस्वी यादव ने सरकार पर जनता को डराने का आरोप लगाया

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 30, 2021 05:08 pm IST,  Updated : Oct 30, 2021 05:08 pm IST

दोनों सीटों को फिर से हासिल करने की जद (यू) की कोशिशों को नीतीश कुमार के चिर प्रतिद्वंद्वी लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) चुनौती दे रही है।

बिहार उपचुनाव: तेजस्वी यादव ने सरकार पर जनता को डराने का आरोप लगाया- India TV Hindi
बिहार उपचुनाव: तेजस्वी यादव ने सरकार पर जनता को डराने का आरोप लगाया Image Source : PTI

पटना: बिहार में तारापुर और कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है, जिसे लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सरकार पर मतदान को प्रभावित करने के लिए धन और बल का इस्तेमाल करने तथा जनता में डर पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया है।

तेजस्वी यादव ने कहा, "तारापुर, कुशेश्वरस्थान में उपचुनाव चल रहा है, सरकार पूरी कोशिश कर रही है किस प्रकार जनता में डर पैदा किया जा सके। धन, बल का भी प्रयोग किया जा रहा है। हमें खबर मिल रही है कि राजद के प्रत्याशी जीत रहे हैं। हर वर्ग के लोगों का वोट हमें मिल रहा है।"

बता दें कि तारापुर और कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीटों पर मौजूदा विधायकों के निधन के बाद उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी। यह दोनों विधायक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के थे। दोनों सीटों पर कुल 17 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिसमें से तारापुर में आठ और कुशेश्वर स्थान में नौ प्रत्याशी हैं। 

दोनों सीटों को फिर से हासिल करने की जद (यू) की कोशिशों को नीतीश कुमार के चिर प्रतिद्वंद्वी लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) चुनौती दे रही है। जद (यू) ने दोनों सीटों पर नए चेहरों पर दांव लगाया है। मेवा लाल चौधरी के निधन से खाली हुई सीट तारापुर से पार्टी ने राजीव कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है जबकि सुरक्षित कुशेश्वर स्थान सीट से अवध भूषण हजारी उम्मीदवार हैं। 

कुशेश्वर स्थान सीट से अवध भूषण हजारी के पिता शशि भूषण हजारी ने लगातार तीन बार जीत दर्ज की थी। राजद ने तारापुर से अरुण शाह को उम्मीदवार बनाया है, जो वैश्य हैं। इसी तरह कुशेश्वरस्थान से राजद ने गणेश भारती पर दांव लगाया है, जो मुसहर समुदाय से हैं। 

बहरहाल, दोनों सीटों पर अगर जद (यू) और राजद के बीच मुकाबला करीबी रहता है तो कांग्रेस और लोक जनशक्ति पार्टी के चिराग पासवान की अगुवाई वाला धड़ा निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। कांग्रेस ने कुशेश्वर स्थान से अशोक राम के बेटे अतिरेक कुमार को खड़ा किया है। अशोक राम ने एक साल पहले शशि भूषण हजारी को चुनाव में कड़ी टक्कर दी थी। 

तारापुर में उसने ब्राह्मण और जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता राजीव कुमार मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोजपा (रामविलास) ने तारापुर से ऊंची जाति के कुमार चंदन को टिकट दिया है। वहीं, कुशेश्वर स्थान से अंजू देवी को उम्मीदवार बनाया है, जो इस मुकाबले में एकमात्र महिला प्रत्याशी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।