मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या बच्चन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सरबजीत’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। तो वहीं दूसरी तरफ उनके अभिनेता पति अभिषेक बच्चन भी अपनी फिल्म ‘हाउसफुल-3’ का प्रचार कर रहे हैं। ऐश ने हाल ही में अपनी और अभिषेक की फिल्मों की पसंद के बारे में बात की। ऐश्वर्या राय बच्चन का कहना है कि वह और अभिषेक बच्चन की फिल्मों को लेकर समझ एक जैसी है और दोनों ही खुद को एक विशेष छवि में बांधना नहीं चाहते।
ऐश्वर्या ने यहां एक इंटरव्यू के दौरान कहा, “अभिषेक की ‘हाउसफुल 3’ और मेरी सरबजीत दोनों ही बिल्कुल अलग तरह की फिल्में हैं। अभिनेता के तौर पर अभिषेक और मैं दोनों ही कॉमेडी फिल्मों का लुफ्त उठाते हैं। अभिनेता के तौर पर हम एक तरह की फिल्मों में खुद को बांधते नहीं हैं और यह बात हम दोनों में एक सी है।“
‘हाउसफुल 3’ में अभिषेक बच्चन के अलावा अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, जैकलिन फर्नांडीज, नरगिस फखरी, लीजा हेडन, बोमन ईरानी, चंकी पांडे जैसे सितारे मुख्य किरदारों में नजर आ रहे हैं। हाउसफुल फिल्म की श्रृंखला में बनने वाली फिल्मों में अभिषेक पहली बार इस फिल्म में नजर आ रहे हैं जबकि अक्षय और रितेश पिछली दोनों फिल्मों में भी अभिनय कर चुके हैं।
ऐश्वर्या ने कहा, “हाउसफुल 3 का आना ये बताता है कि यह एक बड़ा नाम है और लगातार इसके जरिए लोगों का मनोरंजन हो रहा है। मैंने फिल्म के कुछ दृश्य देखें हैं और वे काफी हास्यप्रद थे। हम एक ही जगह डबिंग कर रहे थे इसलिए अभिषेक ने मुझे फिल्म के कुछ दृश्य देखने के लिए बुलाया था।“
वहीं दूसरी तरफ ऐश्वर्या का आगामी फिल्म ‘सरबजीत’ में उनके अलावा रणदीप हुड्डा और रिचा चड्ढा भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। यह फिल्म 20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
ऐश्वर्या ने अपने करियर में विभिन्न तरह के किरदार निभाए हैं। उनकी आने वाली फिल्म करन जौहर की ‘ए दिल है मुश्किल’ है। ‘धूम 2‘ की अदाकारा को लगता है कि लोगों तक उनका मजाकिया अंदाज अक्सर सही तरीके से नहीं पहुंच पाता है।