मुंबई: बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने उनकी मुख्य भूमिका वाली 'पीकू' की सफलता का श्रेय दर्शकों को दिया है। वह कहते हैं कि कलाकारों से ज्यादा दर्शकों को धन्यवाद देने की जरूरत है, क्योंकि उन्होंने इसे दिल से अपनाया। अमिताभ (72) ने अपने आधिकारिक ब्लॉग 'एसआरबच्चन डॉट टंब्लर डॉट कॉम' पर लिखा, "फिल्म के कुछ चेहरे सभी दर्शकों से जुड़ते दिखे। कुछ ने उनमें (कलाकारों) अपने माता-पिता या दादा-दादी को पाया। कुछ बेटी से जुड़े।"
उन्होंने लिखा, "ऐसी सराहना के लिए दुनियाभर के दर्शकों के लिए जोरदार तालियां। उनके बिना यह सफलता या महत्वपूर्ण विश्लेषण नहीं हो पाता।"
शूजित सरकार निर्देशित 'पीकू' एक बाप-बेटी के बीच के रिश्ते को चुटीले एवं मनोरंजक अंदाज में बयां करती है।
अमिताभ ने 'पीकू' के जरिए बाप-बेटी के रिश्ते को रुपहले पर्दे पर लाने के लिए फिल्म के निर्माताओं की तारीफ की।
उन्होंने लिखा, "मैं फिल्म के निर्माताओं और इस प्रयास में शामिल रहे लोगों के लिए खुश हूं, लेकिन सबसे बढ़कर में फिल्म की विषय सामग्री एवं इसकी स्वीकार्यता से खुश हूं।"