नई दिल्ली: अभिनेत्री एमी जैक्सन इन दिनों काफी चर्चा में बनी हुई है। एमी को हम दक्षिण भारतीय फिल्मों के अलावा बॉलीवुड में भी अभिनय करते हुए देख चुके हैं। हाल ही में खबर आई है कि अब वह गाती हुई नजर आएंगी। 'मंज मुसिक' के नाम से लोकप्रिय संगीतकार और गायक मंजीत राल का कहना है कि अभिनेत्री एमी जैक्सन को पंजाबी में 'लक हिलादे' गीत गाते सुना जाएगा। इससे पहले एमी के बारे में अफवाह थी कि वह पॉप बैंड-आरडीबी के पूर्व सदस्य के लिए रैप करने वाली हैं, लेकिन मंज ने बताया कि वह चाहते थे कि एमी गीत गाएं।
इसे भी पढ़े:-
- सलमान ने बताया, इसलिए 'फ्रीकी अली' में नवाजुद्दीन को लिया
- 5 बॉलीवुड सितारों के टैटू से झलका उनका लव अफेयर
कनाडा में रहने वाले मंजीत राल ने एक संवाद में बताया, "एमी रैप नहीं कर रही हैं बल्कि वह सच में गा रही हैं। वह रैप करना चाहती थीं लेकिन मुझे लगा कि वह अच्छा गाना गा सकती हैं। वह पहली बार गाना गा रही हैं और पंजाबी में भी पहली बार गा रही हैं, लेकिन उन्होंने यह सब एक महीने के समय में सीखा है।"
मंजीत राल ने इससे पहले अक्षय कुमार और एमी जैक्शन की फिल्म 'सिंह इज ब्लिंग' के दो गानों 'सिंह एंड कौर' और 'माही आजा' को संगीत दिया है। 'देसी हिप हॉप' जैसी हिट देने वाले मंजीत राल का कहना है कि वह पहली बार किसी एमी जैकसन के साथ म्यूजिक वीडियो में काम कर रहे हैं।
साथ ही उन्होंने बताया कि पहले उनमें एमी को लेकर संकोच था क्योंकि 'सिंह इज ब्लिंग' के सेट पर उन्होंने सुन रखा था कि एमी की आवाज अच्छी नहीं है, लेकिन स्टूडियो में एमी के साथ समय बिताने के बाद उन्हें लगा कि एमी की आवाज उपयुक्त है।