मुंबई: टेलीविजन के रियलिटी शो 'एमटीवी रोडीज एक्स4' को उसका विजेता मिल चुका है। जालंधर के रहने वाले बलराज सिंह खेहरा रविवार की रात टेलीविजन कार्यक्रम 'एमटीवी रोडीज एक्स4' के विजेता बन गए। शो में टीवी अभिनेता-प्रस्तोता करण कुंद्रा के गैंग के सदस्य बलराज को फिनाले के कड़े टास्क के बाद रोडीज एक्स4 के 13वें सीजन का विजेता घोषित किया गया। उन्हें जीत के इनाम में रेनाल्ट की डस्टर कार दी गई। ‘रोडीज एक्स4' का विरन बनने के बाद बलराज सिंह खेहरा अब एक दूसरे रियलिटी शो में भी प्रतिभागी बनने के बारे में सोच रहे हैं। वह 'बिग बॉस' में हिस्सा लेना चाहते हैं।
इसे भी पढ़े:- 'रोडीज' से अलग होना चाहती हैं नेहा धूपिया
27 साल के बलराज का सपना फिल्मों में काम करना है। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की है। शो का विनर घोषित किए जाने के बाद बलराज ने कहा, “मैं ‘बिग बॉस’ में आना चाहता हूं। अगर मुझे मौका मिला तो मैं कार्यक्रम में नजर आउंगा। मैं स्टंट कर सकता हूं और दर्शकों का मनोरंजन भी कर सकता हूं। ‘बिग बॉस’ केवल मस्ती भरा कार्यक्रम नहीं है बल्कि इस कार्यक्रम में दिखना और अपनी पहचान ना खोना एक बड़ी चुनौती है।“
टीवी के रियलिटी शोज में हिस्सा लेने के अलावा उनका सपना फिल्मों में अभिनय करने का भी है। बलराज ने कहा, “मैं हिन्दी और पंजाबी फिल्मों में अभिनय करना चाहता हूं। मैं एक अभिनेता बनना चाहता हूं।“ कार्यक्रम का ग्रैंड फिनाले रविवार की शाम एमटीवी चैनल पर प्रसारित किया गया था। रोडीज के पिछले सीजन में प्रिंस नरुला ने जीत का खिताब अपने नाम किया था। शो में सभी प्रतिभागियों को 4 टीमों में बांटा गया था। इसमें रणविजय सिंह, नेहा धूपिया, करण कुंद्रा और प्रिस गैंग लीडर के तौर पर नजर आए।