नई दिल्ली: छोटे पर्दे के सितारे और असल जिंदगी की जोड़ी सुयश राय व किश्वर मर्चेट अगले साल जनवरी के अंत या फरवरी में शादी करने की योजना बना रहे हैं। जोड़ी ने हाल ही में 'बिग बॉस' के नौवें सीजन में प्रवेश किया है। इस शो की मेजबानी सुपस्टार सलमान खान कर रहे हैं। मुंबई से कुछ 80 किलोमीटर दूर पश्चिमी घाट के हिल स्टेशन लोनावला से सुयश ने फोन पर आईएएनएस को बताया, "जनवरी के अंत या शायद फरवरी में शादी करने की योजना बना रहे हैं। निश्चित रूप से शादी की योजना है, इसलिए जब हम बाहर आएंगे तो शादी की तैयारियों में व्यस्त होंगे।"
जोड़ी ने शादी के बाद विदेशी स्थानों पर घूमने की योजना बनाई है।
उन्होंने कहा, "शादी के बाद मैडम (किश्वर) पेरिस, ऐम्स्टर्डम और मास्को जाना चाहती हैं। इसलिए मैं इन सबकी तैयारी करूंगा।"
'बिग बॉस नौ' की थीम डबल ट्रबल के अनुसार इन सभी प्रतिभागियों को जोड़ीयों में घर के अंदर प्रवेश करवाया गया है। शो में सुयश की जोड़ी रिमी सेन के साथ बनाई गई है और अमन वर्मा किश्वर मर्चेंट के पार्टनर हैं।

शो में रिमी सेन, रूपल त्यागी, अंकित गेरा, युविका चौधरी, दिगांगना सूर्यवंशी, अमन वर्मा, विकास भल्ला, मंदना करीमी, रोशेल राव, कीथ और प्रिंस जैसे सितारे हैं।
सलमान खान की मेजबानी वाले इस विवादास्पद रियलिटी टीवी शो के नौवें संस्करण का प्रसारण कलर्स चैनल पर प्रसारित हो रहा है।
शो में एक तरफ जहां कुछ सदस्दों के बीच नजदीकियां बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं वहीं दूसरे दिन ही यहां 4 जोड़ीयों को एलीमिनेट भी किया जा चुका है।