चेन्नई: बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों के अभिनेता धनुष पिछले काफी वक्त से अपनी आगामी तमिल रोमांटिक-थ्रिलर फिल्म 'थोडारी' को लेकर चर्चा का विषय बने हुए हैं। अब इस फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है। यह फिल्म पूरी दुनिया में 22 सितंबर को रिलीज होगी। यह फिल्म पूर्ण रूप से ट्रेन में शूट की गई है। अधिकारिक बयान के अनुसार, फिल्म निर्माता सत्यजोति फिल्म्स ने रिलीज की तारीख की पुष्टि की है।
इसे भी पढ़े:- धनुष ने तमिल में लॉन्च किया एम.एस धौनी का ट्रेलर
यह फिल्म बहुत पहले रिलीज होने वाली थी, लेकिन पोस्ट प्रोडक्शन काम के पूरा न होने की वजह से इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया। इसमें विजुअल इफेक्ट का काम भी शामिल था। यह फिल्म प्रभु सोलोमन ने निर्देशित किया है। इसमें कीर्ति सुरेश और हरीश उथामन मुख्य भूमिका में हैं। 'थोडारी' वास्तविक जीवन की ट्रेन यात्रा पर आधारित फिल्म है।
सोलोमन ने बताया, "मैंने 1991 में ग्रेजुएशन किया। उस वक्त नौकरी के सिलसिले में मैंने पहली बार ट्रेन यात्रा की। यह यात्रा गाजियाबाद से निवेली तक की थी, जिसमें दो दिन और एक रात लगे थे। मैंने इस यात्रा में बहुत कुछ अनुभव किया, जिसने मुझे यह फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया।"
उन्होंने कहा, "इस यात्रा में मैं सभी लोगों से मिला, सभी से बात की उन सब की यादों ने मुझे यह फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। पिछले फिल्मों की तुलना में यह एक बड़ी परियोजना है। इस पर फिल्म बनाने का विचार लंबे समय से था, जो अब जाकर पूरा हुआ है।" इस फिल्म में धनुष पैंट्री कर्मी की भूमिका में हैं।