कराची: पूर्व खिलाडि़यों ने पाकिस्तानी टीम के इंग्लैंड के खिलाफ अबुधाबी में हार के कगार पर पहुंचने के लिये कड़ी आलोचना की और कहा कि दूसरी पारी में जिस तरह से बल्लेबाजों ने घुटने टेके वह चिंताजनक है।
इंग्लैंड को जीत के लिये जब केवल 25 रन की दरकार थी तब अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया और इस तरह से मैच ड्रा हो गया। खेल के पांचवें दिन पाकिस्तान दूसरी पारी में 173 रन पर ढेर हो गया जिससे इंग्लैंड को 99 रन का लक्ष्य मिला था।
पूर्व टेस्ट कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने पीटीआई से कहा, खुदा का शुक्र है कि खराब रोशनी के कारण पाकिस्तान शर्मनाक हार से बच गया। हमारी टीम बल्लेबाजी के लिये अनुकूल पिच पर जिस तरह से कम स्कोर पर आउट हुई उसके लिये मेरे पास शब्द नहीं हैं। यदि हमारे बल्लेबाज यूएई की पिचों पर इस तरह संघर्ष कर रहे हैं तो फिर जब अगले साल हम इंग्लैंड का दौरा करेंगे तो फिर क्या होगा।
पूर्व लेग स्पिनर अब्दुल कादिर ने कहा कि हालांकि आदिल राशिद ने दूसरी पारी में पांच विकेट लिये लेकिन पाकिस्तानी बल्लेबाज खराब प्रदर्शन के लिये खुद दोषी हैं।
उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि उन्हें किस बात की जल्दबाजी थी। मिसबाह और यूनिस ने क्यों इस तरह के शाट खेले। यदि इस तरह की पिच पर इंग्लैंड का लेग स्पिनर उन्हें परेशानी में डाल रहा था तो फिर उन्हें आगामी मैचों में इससे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
पूर्व कप्तान जावेद मियादाद ने कहा कि पहली पारी में 500 से अधिक रन बनाकर पारी समाप्त घोषित करने के बाद टेस्ट मैच गंवाना किसी अपराध से कम नहीं है।
उन्होंने कहा, हमारे बल्लेबाजों को टेस्ट मैचों में टिककर खेलने की जरूरत है। टेस्ट मैच तब तक चलता रहता है जब तक कि आखिरी दिन का खेल समाप्त नहीं हो जाए। मुझे याद है कि हम इंग्लैंड के खिलाफ 2000 में कराची में भी इसी तरह से हार गये थे।
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने कहा कि दूसरी पारी में पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद शोएब मलिक को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिये भेजना गलती थी।
उन्होंने कहा, आपको मैच का अध्ययन करना पड़ता है। मलिक ने पहले दो दिन बल्लेबाजी की और फिर तेज गर्मी में 35 ओवर किये। मलिक के बजाय मिसबाह, यूनिस या असद को नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिये आना चाहिए था।
पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा कि पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में अधिक से अधिक शाट खेलने के प्रयास किये और इससे वे परेशानी में पड़े। उन्होंने हालांकि कहा कि पाकिस्तानी टीम में अनुभवी खिलाड़ी है और वह अगले दो मैचों में इंग्लैंड को हरा सकती है।