मुंबई: अभिनेता और हास्य कलाकार कपिल शर्मा ने कहा कि पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू ठीक हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और कपिल के लोकप्रिय टीवी शो 'कॉमेडी नाइट्स विथ कपिल' में नजर आने वाले सिद्धू को नस में रक्त का थक्का जम जाने के कारण मंगलवार शाम को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कपिल ने मंगलवार रात सिद्धू की खैरियत पूछने के लिए उनके परिवार को फोन किया। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर उनकी तबियत के बारे में बताया। कपिल ने ट्वीट किया, "अभी सिद्धू पाजी के परिवार से बात की.. वह अब ठीक हैं और उनकी तबियत सुधर रही है.. जल्दी ठीक होना.. सेट (कॉमेडी नाइट्स विथ कपिल) पर आपका इंतजार है।"
ये भी पढ़ें- ऐश्वर्या राय ने कपिल शर्मा को वैन से बाहर निकलवाया?
कपिल के इस चर्चित शो के पिछले एपिसोड में ऐश्वर्या और इरफान अपनी आगामी फिल्म 'जज्बा' का प्रचार करने पहुंचे थे, लेकिन सिद्धू इस एपिसोड में खराब स्वास्थ्य के कारण शामिल नहीं हो पाए।
सिद्धू ने भी ट्वीट कर अपने खराब स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "बीमार हूं.. ईश्वर की कृपा से जल्द ठीक हो जाऊंगा.. प्रार्थना कीजिए।"