मुंबई: छोटे पर्दे के अभिनेता शिविन नारंग हाल में डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' की जजिंग के लिए दुबई गए थे। उनका कहना है कि दुबई में अकेले घूमने-फिरने में मजा आया। शिविन ने एक बयान में कहा, "मैंने हमेशा अपने दोस्तों के साथ यात्राएं की हैं, लेकिन यह पहला मौका है जब मैंने अकेले सफर किया और मुझे बहुत मजा आया। अकेले सफर करना सच में मजेदार होता है, क्योंकि आप मनचाही जगह घूमते-फिरते हैं। मैं हर उस संभव जगह गया, जहां दो दिनों में जाया जा सकता था।"
शिविन ने कहा, "मैं खाने-पीने का शौकीन हूं, तो वहां मुझे कोई खाने से रोकने-टोकने वाला नहीं था। मैंने हर मनपसंद चीज का स्वाद चखा।"
उन्होंने बताया, "मैं वहां 'नच बलिए' की जजिंग के लिए गया था। जज बनना बहुत मुश्किल था, लेकिन मेरा समय अच्छा बीता। मुझे लगता है कि दुबई, भारत का विस्तृत रूप है, क्योंकि वहां के लोग बहुत दोस्ताना हैं। यहां तक कि उनमें से कुछ हिंदी बोलते हैं।"