मुबंई:- सिद्धार्थ मल्होत्रा को यात्रा का शौक चढ़ गया है। ग्लासगो में 'बार बार देखो' की शूटिंग खत्म करने के बाद सिद्धार्थ न्यूजीलैंड की आठ दिन की यात्रा के लिए रवाना हो गए।
सिद्धार्थ को हाल ही में न्यूजीलैंड पर्यटन का एम्बेसेडर बनाया गया है। ब्रदर्स के 30 वर्षीय अभिनेता पहले भारतीय एम्बेसेडर के तौर पर वहां जा रहे हैं।
उड़ान भरने से पहले सिद्धार्थ ने ट्विटर पर लिखा, "हवाईअड्डे पर लौट आया हूं। खूबसूरत न्यूजीलैंड के पर्यटन एम्बेसेडर के तौर पर यहां की यात्रा करके उत्साहित हूं।"
न्यूजीलैंड पर्यटन में दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया के क्षेत्रीय प्रबंधक स्टीवन डिक्सन ने सिद्धार्थ को जोशीला बताया था। उन्होंने कहा था कि उनका देश सिद्धार्थ के स्वागत की तैयारी में है
अपनी न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान सिद्धार्थ इस खूबसूरत देश के विविध नजारों, संस्कृति और स्काई वॉक, स्काई डाइव और डाइविंग जैसी कई रोमांचक गतिविधियों का मजा लेना चाहते हैं। इसके साथ ही सिद्धार्थ अपनी इस यात्रा में देश की स्थानीय पारंपरिक 'माओरी' संस्कृति के बारे में भी जानना चाहते हैं।
सिद्धार्थ ने बॉलीवुड करियर की शुरुआत करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से की थी। इन दिनों अपनी आगामी फिल्म बार बार देखो की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके अलावा जल्द ही वह फिल्म 'कपूर एण्ड सन्स' में नजर आएंगे।