विजयवाड़ा: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में डेंगू से दो बच्चों की मौत हो गयी जिसके बाद अधिकारियों ने शहर में साफ-सफाई के स्तर को सुधारने के लिए कदम उठाये। सूचना और जनसंपर्क मंत्री पी आर रेड्डी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक के बाद निगम के एक स्वच्छता अधिकारी को निलंबित कर दिया गया।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
कक्षा पांचवीं और सातवीं में पढ़ने वाले भाई एस मोहम्मद जुनैद और एस इदरीस को बुखार आया था और उन्हें गत रविवार को अनंतपुरमू के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें बेंगलूरू के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्हें डेंगू होने का पता चला। बच्चों के पिता सिकंदर ने बताया कि दोनों को बाद में बेंगलूरू में बच्चों के विशेष अस्पताल में भेज दिया गया लेकिन वहां उनकी मृत्यु हो गयी।
रेड्डी ने शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात की और संवेदना प्रकट की। उन्होंने परिवार को तत्काल राहत के रूप में 40,000 रुपये दिये। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और पक्का मकान देने का वादा भी किया गया।
इस बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के. श्रीनिवास ने कहा कि डेंगू और मलेरिया के प्रकोप को रोकने के लिए पूर्वी गोदावरी जिले के रंपाछोड़वरम के आदिवासी इलाकों में चलित चिकित्सा दल भेजे गये हैं। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने जिला कलेक्टरों के साथ टेलीकॉन्फ्रेंसिंग से बात की और उन्हें डेंगू जैसी घातक बीमारी को रोकने के लिए सभी कदम उठाने का निर्देश दिया।