चेन्नई: तमिलनाडु के सलेम में मंगलवार को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया को भेजी जा रही 340 करोड़ की नकदी को चुरा लिया गया। यह चोरी तमिलनाडु से चलने वाली ट्रेन में हुई। ट्रेन के यहां पहुंचने के बाद 226 पेटी में नकदी से भरी चार पेटी से छेड़छाड़ की घटना के प्रकाश में आने के कुछ घंटे बाद आईजीपी एम रामसुब्रमणि ने बताया कि पांच करोड़ रूपये की चोरी हुई है।
बहरहाल, RBI के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रेन से 340 करोड़ रूपये फटी पुरानी नकदी 226 पेटी में सलेम से चेन्नई भेजी जा रही थी। अधिकारी ने कहा, सलेम से चेन्नई पहुंचने के बाद लकड़ी की 226 पेटी में से चार पेटी में छेड़छाड़ पाई गई। पुलिस ने बताया कि नकदी पेटी से भरे तीन मालवाहक डिब्बों में एक का एयरवेंट टूटा हुआ पाया गया जिससे संदेह है कि किसी ने ऊपर से प्रवेश किया।।
पुलिस को संदेह है कि अपराधी सलेम-वृद्धाचलम खंड पर कोच में घुसे होंगे जहां पर ट्र्रेन बिजली पर नहीं बल्कि डीजल इंजनों पर चलती है जिससे लुटेरों के लिए उपर से रास्ता बनाना आसान हो गया होगा। पुलिस ने बताया कि वह कई एंगल से जांच कर रहे हैं कि नकदी के लिए मुहैया करायी गई पुलिस सुरक्षा के बावजूद चोरी कैसे हुई। पेटी में 2005 से पहले की नकदी के साथ ही मैली फटी मुद्रा भी थी।