1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाक सीमा से 75 करोड़ की हेरोईन, हथियार और कारतूस बरामद

पाक सीमा से 75 करोड़ की हेरोईन, हथियार और कारतूस बरामद

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 12, 2016 09:51 pm IST,  Updated : Jun 12, 2016 09:51 pm IST

पंजाब के अबोहर सेक्टर में भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों की रविवार को पाक तस्करों से मुठभेड़ हो गई जिसमें बल के जवानों ने दो तस्करों को मार गिराया तथा एक गिरफ्तार कर लिया है।

heroin- India TV Hindi
heroin

जालंधर: पंजाब के अबोहर सेक्टर में भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों की रविवार को पाक तस्करों से मुठभेड़ हो गई जिसमें बल के जवानों ने दो तस्करों को मार गिराया तथा एक गिरफ्तार कर लिया है और मौके से 75 करोड़ की हेरोईन के अलावा हथियार और कारतूस आदि बरामद किया है।

सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक आर एस कटारिया ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर सीमा सुरक्षा बल पंजाब पुलिस के साथ मिलकर अबोहर सेक्टर के सोबाना सीमा चौकी इलाके में संयुक्त अभियान चलाया। रविवार तड़के जवानों ने देखा कि पाकिस्तान की ओर से तीन तथा भारत की ओर से दो लोग अंतराष्ट्रीय सीमा पर पहुंचे और अपनी गतिविधि शुरू कर दी।

अधिकारी ने बताया कि जवानों ने उन्हें ललकारा तो तस्करों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। इस बीच भारतीय तस्कर ने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन बीएसएफ के जवानों ने पकड लिया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में पाकिस्तान का दो तस्कर मारा गया जबकि एक अन्य घायल हो गया जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

गोलीबारी के बाद जब मौके की तलाशी ली गई तो वहां से एक एक किलो के पैकेट में 15 पैकेट हेरोईन, 12 बोर का एक सिंगल बैरल राइफल, 12 बोर का एक मैग्जीन, 12 बोर का 26 कारतूस, सात एमएम का दो पिस्तौल, चार पिस्तौल मैग्जीन, पिस्तौल का 41 कारतूस तथा एक मोबाइल एवं दो पाकिस्तानी सिमकार्ड बरामद किया गया है। कटारिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन तकरीबन 15 किलो है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 75 करोड़ रुपए आंकी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए पाक तस्कर को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद उसे फाजिल्का के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि उसने अपना परिचय रमजान के रूप में दिया है और वह पाकिस्तान के कसूर जिले के खुदियां गांव का रहने वाला है। उसकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने बताया कि आज की 15 किलो हेरोईन की बरामदगी के साथ ही इस साल अबतक पाकिस्तान सीमा से पंजाब में फ्रंटियर के जवानों ने लगभग 120 किलो हेरोईन बरामद की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत