भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में सोमवार की सुबह से आसमान पर बादल छाए रहे। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
राज्य में बीते दो दिनों से मानसूनी बारिश कुछ कमजोर पड़ गई थी, वहीं सोमवार को आसमान पर बादल छाए हुए हैं। साथ ही चल रही हवाएं मौसम को सुहावना बनाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के पूर्वी हिस्से में भारी बारिश हो सकती है।
राज्य में मौसम में बदलाव के साथ तापमान भी बदल रहा है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21.7 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 23.7 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 21.5 सेल्सियस दर्ज किया गया है।
वहीं रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 26.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 31.4 और जबलपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा।
UP में बादल छाए, बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान रुक-रुककर बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश तो कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की सम्भावना है। तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की सम्भावना है। लखनऊ के अतिरिक्त सेामवार को बनारस का न्यूतनम तापमान 20 डिग्री, कानपुर का 19.4 डिग्री, इलाहाबाद का 22 डिग्री, गोरखपुर का 20.2 डिग्री और झांसी का 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।