जयपुर: यूं तो आपने कई तरह की शादियों के बारे में सुना होगा और कई अनोखे रस्मों रिवाज वाली शादियों को देखने का मौका भी मिला होगा। लेकिन राजस्थान के दौसा जिले के सिकंदरा कस्बे में जो शादी हुई उसकी पूरे इलाके में चर्चा है। दरअसर अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे युवकों में से एक युवक धरना स्थल पर ही परिणय सूत्र में बंध गया । धरना स्थल पर ही विवाह की सभी रस्में हुई और वर और वधु ने सात फेरे लिये।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रवक्ता के अनुसार गुर्जर आरक्षण पर रोक लगने के बाद विशेष पिछडा वर्ग की परीक्षा में सफल हुए अभ्यार्थियों की सरकारी नियुक्तियों पर रोक लग जाने के विरोध में कुछ सफल अभ्यार्थी इस रोक को हटाने की मांग को लेकर पिछले दिनों धरने पर बैठे थे।
उन्होंने बताया कि देवराज का विवाह ममता के साथ 23 फरवरी को होना तय था लेकिन धरने पर बैठे होने के कारण युवक ने धरना स्थल पर ही विवाह करने का तय किया । वर वधु पक्ष के परिजनों सहमति पर कल देवराज और ममता के विवाह की सभी रस्में धरना स्थल पर ही पूरी हुईं । समिति के पदाधिकारियों सहित काफी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे।