नई दिल्ली: पहले पुलिस के साथ चोर सिपाही का खेल और फिर पुलिस को ही झूठा साबित करने की कोशिश, तीन दिन की मशक्कत के बाद गया के आदित्य हत्याकांड का आरोपी रॉकी पुलिस की गिरफ्त में तो आ गया लेकिन उस आरोपी के दावों और पुलिस की थ्योरी के बीच जमीन आसमान का फर्क दिखाई दे रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस ने रॉकी को गिरफ्तार किया, या फिर जेडीयू एमएलसी मनोरमा यादव पर दबाव डालकर रॉकी का सरेंडर कराया गया।
रॉकी की MLC मां मनोरमा देवी पार्टी से सस्पेंड
वहीं, इस मामले में जेडीयू ने अपना पहला एक्शन लिया है। जेडीयू ने आरोपी रॉकी की एमएलसी मां मनोरमा देवी को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है।
माफिया के बेटे को पिस्टल का लाइसेंस क्यों ?
पुलिस के हाथ वो पिस्टल लग गई है जिसे गोली चली। अब इस बात की जांच चल रही है कि आखिर रॉकी को इटली में बनी इस पिस्टल का लाइसेंस कैसे मिला। लाइसेंस दिल्ली से इश्यू हुआ है इसलिए सवालों के घेरे में दिल्ली पुलिस भी है। आखिर एक ऐसे माफिया के बेटे को लाइसेंस मिल कैसे गया जिस पर 17 गंभीर केस दर्ज थे।
गौरतलब है कि जेडीयू एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी पर शनिवार की रात बारहवीं के छात्र आदित्य सचदेवा को गोली मारने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आदित्य सचदेवा की गाड़ी ने रॉकी के SUV को ओवरटेक किया था जिसके बाद गुस्से में रॉकी ने गोली चला दी। गोली आदित्य की गाड़ी के पिछले शीशे को तोड़ती हुई आदित्य के सिर में जा लगी और उसकी मौत हो गयी।