1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़: मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर, 3 जवान जख्मी

छत्तीसगढ़: मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर, 3 जवान जख्मी

 Written By: IANS
 Published : Jun 14, 2016 06:03 pm IST,  Updated : Jun 14, 2016 06:03 pm IST

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव एवं नारायणपुर जिले की सीमा पर स्थित टेटम गांव में आज सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जिला बल के उपनिरीक्षक (एसआई) पुष्पराज नागवंशी सहित तीन जवान जख्मी हो गए

naxals- India TV Hindi
naxals

रायपुर/जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव एवं नारायणपुर जिले की सीमा पर स्थित टेटम गांव में आज सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में जिला बल के उपनिरीक्षक (एसआई) पुष्पराज नागवंशी सहित तीन जवान जख्मी हो गए, जबकि पुलिस ने लगभग 10 नक्सलियों के मार गिराने का दावा किया है। मौके से भारी मात्रा में नक्सली सामान एवं विस्फोटक जब्त किया गया है।

नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक मीणा ने कहा, "कोंडागांव एवं नारायणपुर जिले से पुलिस का एक दल नक्सल प्रभावी अबूझमाढ़ इलाके की ओर गश्त पर रवाना हुआ था। इस दौरान तीन-चार स्थानों पर पुलिस बल की नक्सलियों से छिटपुट मुठभेड़ हुई।"

उन्होंने कहा, "इसी दौरान छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के टेटम गांव के जंगल में पुलिस की नक्सलियों की मिल्रिटी दलम कंपनी से आमना-सामना हो गया। मिल्रिटी दलम के लगभग 50 नक्सलियों से ढाई घंटे तक चली मुठभेड़ में जिला बल के एसआई पुष्पराज नागवंशी, एएसआई अवध राम साहू एवं आरक्षक विनय कुमार बघेल घायल हो गए।"

पुलिस के अनुसार, नागवंशी के सीने में गोली लगी है, जबकि एक गोली अवधराम के सिर को छीलती हुई निकल गई। विनय की हथेली गोली से छलनी हो गई है। गंभीर रूप से घायल पुष्पराज को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।

मीणा ने कहा, "मुठभेड़ स्थल पर मौजूद परिस्थितिजन्य साक्ष्य, खून के धब्बे एवं घसीटे जाने के निशान से यह साबित होता है कि कम से कम आठ-10 नक्सली मारे गए हैं और कई लहुलूहान हुए हैं। साथियों के शव नक्सली अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे।"

उन्होंने कहा कि घटनास्थल से बैनर, पोस्टर, दवाइयां, गोला-बारूद, डेटोनेटर, बिजली के तार, बैटरी, दैनिक उपयोग की सामग्रियां तथा नक्सली साहित्य का जखीरा बरामद किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत