रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के प्रेस सलाहकार योगेश किसलय की गाड़ी बुधवार रात यहां बदमाशों ने लूट ली। पुलिस ने यहां गुरुवार को बताया कि बुधवार को रात 8.30 बजे के करीब चार अज्ञात बदमाशों ने कार चालक से जबरन गाड़ी रुकवाई और कार लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि चालक को कथित तौर पर बुरी तरह पीटा गया और धमकाने के बाद घाघरा पुल के पास उसे उतार दिया। बदमाश जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से गाड़ी लेकर फरार हो गए। फिलहाल गाड़ी का पता नहीं लग पाया है।
पुलिस ने चालक से पुछताछ की है। उसने बताया कि बदमाशों ने उससे कहा कि एक करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई थी, जो उन्हें दी नहीं गई। हालांकि, मुख्यमंत्री के सलाहकार ने फिरौती की किसी मांग का खंडन किया है।