पुंछ: पाकिस्तान ने एक बार फिर शहीदों के साथ बर्बरता की है। जम्मू कश्मीर के मेंढर सेक्टर में दो भारतीय जवान शहीद हुए हैं। बताया जा रहा है पाकिस्तान की स्पेशल फोर्स BAT ने भारतीय जवानों के शव के साथ बर्बरता की है। ये पहला मौका नहीं हैं जब पाकिस्तान की सेना की ओर से इस तरह की बर्बर कार्रवाई की गई है।
LoC पर पाक की साज़िश
200 मीटर अंदर घुसकर पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम ने भारतीय जवानों के पार्थिव शरीर को क्षत विक्षत किया। बॉर्डर एक्शन टीम के 6 जवान इसमें शामिल थे। भारत की तीन पोस्ट को निशाना बनाया गया। सबसे पहले आठ बजकर 40 मिनट पर पाकिस्तान की तरफ से फायर किया गया इसके बाद मोटार्र से फायर किया। शहीद हुए सूबेदार परमजीत सिंह 22 सिख और हवलदार और कांस्टेबल 200 बटालियन बीएसएफ के है।
भारतीय सेना ने जारी किया बयान
भारतीय सेना द्वारा जारी किए गए बयान में कहा है, ‘कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाक सेना ने बिना उकसावे के रॉकेट और मोर्टार फ़ायरिंग शुरू कर दी। तत्काल बॉर्डर एक्शन टीम दो चौकियों के बीच गश्त पर निकल पड़ी। पाक सेना द्वारा गश्त पर निकले हमारे दो सैनिकों के शव क्षत-विक्षत कर दिए गए। पाक सेना की ऐसी घृणित कार्रवाई का माकूल जवाब दिया जाएगा।’
पाक सेना की बर्बरता पर रक्षा मंत्री जेटली का बयान
रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने आज कहा कि पाकिस्तान द्वारा दो भारतीय सैनिकों के शवों को क्षत विक्षत करना एक बर्बरतापूर्ण कृत्य है तथा सशस्त्र बल इसकी समुचित प्रतिक्रिया करेंगे। जेटली ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह के हमले तो युद्ध में भी नहीं होते तथा समूचे देश को सशस्त्र बलों पर पूरा विश्वास है।
उन्होंने कहा, सैनिकों के शवों को क्षत विक्षत किया जाना बर्बरतापूर्ण कृत्य का भीषण स्वरूप है। भारत सरकार इस कृत्य की कड़ी भत्र्सना करती है। पूरे देश को हमारे सशस्त्र बलों पर पूरा विश्वास है तथा वे इस कृत्य पर समुचित प्रतिक्रिया करेंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
देखिए वीडियो-
रक्षा विशेषज्ञों ने की पाक की निंदा
पाकिस्तान की भारतीय शहीद जवानों के साथ बर्बरता की रक्षा विशेषज्ञों ने निंदा की है और पाकिस्तान पर तुरंत पलटवार करने की मांग की है।