पणजी: गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि जुलाई महीने से गोवा में प्लास्टिक के थैले बेचते या खरीदते पाये जाने वाले लोगों पर 5000 रूपये का जुर्माना लगाया जाएगा। लोगों से बाजार में कपड़े के थैले ले जाने की आदत डालने की अपील करते हुए पर्रिकर ने कहा कि तटीय राज्य को प्लास्टिक बैग से मुक्त कराने के लिए सख्त कदम उठाये जाएंगे।
उन्होंने आज यहां एक समारोह में कहा, 'हमें प्लास्टिक बैग का उपयोग बंद करना होगा। जुलाई से अगर कोई प्लास्टिक बैग बेचता या खरीदता पाया जाता है तो उसे जुर्माना अदा करना होगा।' पर्रिकर ने कहा, 'जुर्माना छोटा मोटा नहीं होगा। यह भारी-भरकम होगा। यह एक बार में 5000 रपये तक हो सकता है। शुरूआत में हम जुर्माना राशि के संदर्भ में थोड़ी राहत दे सकते हैं लेकिन हम इस प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने जा रहे हैं।'
उन्होंने कहा कि अगर नागरिक गैरजिम्मेदाराना व्यवहार करते हैं तो राज्य सरकार सही से काम नहीं कर सकती। मुख्यमंत्री ने कहा, हम राज्य सरकार से स्वच्छ शहर मुहैया कराने की अपेक्षा रखते हैं। लेकिन हम सड़क किनारे कचरा फेंकते रहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राजमार्गों से कचरे के ढेर हटाने की पहल शुरू की है लेकिन देखा गया है कि कचरा हटाने के बाद फिर से इकट्ठा हो जाता है। पर्रिकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छ भारत अभियान पूरे देश में रफ्तार पकड़ रहा है।