मुंबई: मुंबई में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच हाई टाइड का खतरा मंडरा रहा है। समंदर में तेज हवाओं के साथ ऊंची ऊंची लहरें उठ रही हैं और ये लहरें साढ़े चार से पांच मीटर तक ऊंची उठ रही हैं। बीएमसी ने हाई टाइड के वक्त लोगों को समंदर के किनारे सावधान रहने को कहा है। साथ ही मछुआरों को भी समंदर में ना जाने की हिदायत दी गई है। वहीं, बंदरगाहों पर भी लोगों को सावधान रहने को कहा गया है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि अगले 24 घंटे में मुंबई में भारी बारिश होगी। फिलहाल कई इलाकों रुक-रुककर बारिश हो रही है।
अगले 24 घंटे में भारी बारिश का पूर्वानुमान
शहर में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई है और उपनगरीय ट्रेन सेवाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम से 10-15 मिनट की देरी से चल रही हैं जबकि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मुंबई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोलाबा (दक्षिण मुंबई) में 60.8 मिलीमीटर जबकि सांताक्रूज (पश्चिमी उपनगरीय इलाका) में 77 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने साथ हीं अगले 24 घंटे में मुंबई सहित पूरे कोंकण क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, हम मौसम पूर्वानुमान का विश्लेषण कर रहे हैं। लेकिन शुरूआती आकलन है कि मुंबई और साथ ही महाराष्ट्र एवं गोवा के दूसरे हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। उन्होंने कहा, पूरे कोंकण क्षेत्र में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश के होने की संभावना है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मौसम केंद्र के अनुसार आज पिछले चार घंटे में शहर के उपनगरीय इलाकों में मध्यम बारिश हुई जबकि मुख्य शहर में अच्छी बारिश हुई।
बीएमसी के आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्षा के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य शहर में आज सुबह आठ बजे से 11 बजे के बीच 6.42 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरीय क्षेत्र में 2.60 मिलीमीटर जबकि पश्चिमी उपनगरीय क्षेत्र में 3.94 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।