नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह तेज धूप और उमस रही। न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिहार में रूक रूक कर हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, "राजधानी में मंगलवार को सामान्यतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।"
बिहार में रूक-रूककर हो रही बारिश
बिहार की राजधानी पटना सहित बिहार के अधिकांश हिस्सों में रविवार से रूक-रूककर हो रही बारिश मंगलवार को भी जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान राजधानी में 42 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के करीब सभी हिस्सों में बादल छाए रहने और रूक-रूककर बारिश होने के आसार जताए हैं। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पटना का मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 24.4 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पटना का सोमवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस, गया का 28.2 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया का 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बीते 24 घंटे के दौरान पटना में 42.30 मिलीमीटर तथा भागलपुर में 64.10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।