नई दिल्ली: लेफ्ट नीत डेमोक्रेटिक फ्रंट केरल में वापसी कर सकता है, जबकि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी फिर से सरकार बनाने के संकेत दे रही हैं। चुनावों का यह ताजा विश्लेषण सी वोटर्स के सर्वे के जरिए सामने आया है जिसे आज इंडिया टीवी पर प्रसारित किया गया।
असम:
भाजपा नीत गठबंधन 126 विधानसभा सीटों वाले असम में 53 से 61 सीटें जीतता दिख रहा है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस 37 से 45 सीटें जीतती हुई दिख रही है। एआईयूडीएफ के 14 से 22 सीटें जीतने का अनुमान है। वहीं 6 से 14 सीटें अन्य और निर्दलीय के खातों में जाती हुई दिख रही हैं। यहां पर जादुई आंकड़ा 64 का है।
अगर वोट फीसद की बात करें तो भाजपा नीत गठबंधन 37.4 फीसदी वोट हासिल करता नजर आ रहा है, जबकि कांग्रेस को 34.1 फीसदी वोट हासिल करने की संभावना है। वहीं एआईयूडीएफ के 13.7 फीसदी और अन्य के 13.8 फीसदी वोट बैंक झटक सकती है।
केरल:
केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के हांथ से सत्ता फिसलती हुई दिख रही है। वो इस बार 54 से 62 सीटें जीत सकती है, जबकि पिछली दफे उसे 72 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं सीपीआई(एम) नीत लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के 74 से 82 सीटें तक जीतने का अनुमान है। एलडीएफ ने पिछली बार सिर्प 66 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं भाजपा नीत एनडीए 0 से 4 सीटें जीतता दिख रहा है जबकि अन्य के खाते में भी 0 से 4 सीटें जा सकती हैं।
अगर वोट फीसद की बात की जाए तो एलडीएफ को 42.6 फीसदी वोट मिलने की संभावना है, जबकि यूडीएफ 40.8 फीसदी वोट जीतता नजर आ रहा है। वहीं एनडीए को 12.2 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद है, जबकि अन्य के खाते में भी 4.4 फीसदी वोट जा सकते हैं।पश्चिम बंगाल:
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर से सत्ता में आती हुई नजर आ रही हैं। उनकी पार्टी 294 सीटों के सदन में तृणमूल कांग्रेस इस बार 163 से 171 सीटें जीतती हुई नजर आ रही है। पार्टी ने पांच साल पहले 184 सीटों पर कब्जा जमाया था। लेफ्ट और कांग्रेस का गठबंधन इस बार 112 से 128 सीटें जीत सकता है।
वहीं सीपीआई(एम) नीत लेफ्ट फ्रंट इस बार के चुनाव में 71 से 79 सीटों पर जीत हासिल करता नजर आ रहा है, पांच साल पहले उसने 60 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस इस बार 41 से 49 तो भाजपा 2 से 6 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। वहीं अन्य के खाते में भी 1 से पांच सीट जा सकती है।
अगर वोट फीसद की बात की जाए तो टीएमसी इस बार 41.6 फीसदी वोट बैंक पर अपना कब्जा जमाती हुई नजर आ रही है, जबकि लेफ्ट फ्रंट को इस बार 31.2 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को इस बार 9.6 फीसदी वोट बैंक हासिल हो सकता है। वहीं भाजपा के खाते में 11.8 फीसदी और अन्य के खाते में 5.7 फीसदी वोट बैंक जाता हुआ दिख रहा है।
तमिलनाडु:
तमिलनाडु में सत्तारुढ़ एआईएडीएमके एक बार फिर से सत्ता हासिल कर सकती है और वो 135 से 143 सीटें जीतती नजर आ रही है। जबकि डीएमके और कांग्रेस के गठबंधन को 74 से 82 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा नीत एनडीए को 0 से 1 सीट और अन्य के खाते में 13 से 21 सीटें जाती नजर आ रही हैं।
पुडुचेरी:
पुडुचेरी में डीएमके-कांग्रेस का गठबंधन इस बार 10 से 18 सीटें जीतता हुआ दिख रहा है, जबकि सत्तारूढ़ एआईएनआरसी सिर्फ 5 से 13 सीटें जीत सकता है। वहीं एआईएडीएमके को 1 से 9 सीटें मिल सकती हैं, भाजपा को 0 से 2 सीट और अन्य के खाते में 0 से 4 सीटें जाती नजर आ रही हैं। अगर वोट शेयर की बात की जाए तो डीएमके और कांग्रेस के गठबंधन को 34.3 फीसदी वोट मिलता दिख रहा है जबकि एआईएनआरसी को 28.2 फीसदी, एआईएडीएमके को 12.8 फीसदी, भाजपा को 8.1 फीसदी और अन्य के खाते में 16.6 फीसदी वोट जाता दिख रहा है।