बेंगलुरु: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शनिवार को कहा कि वह अगले महीने एक ही मिशन में रिकॉर्ड 22 उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा। ISRO के अध्यक्ष किरण कुमार ने बताया, ‘फिर से इस्तेमाल किए जाने लायक मौजूदा प्रक्षेपण यान के बाद हमें जो अगला प्रयोग करना है, उसके बारे में चिंता करनी है। इसके अलावा, अगले महीने हम एक ऐसा प्रक्षेपण करने जा रहे हैं जिसमें हम करीब 22 उपग्रह प्रक्षेपित करेंगे। काटरेग्राफिक श्रृंखला का भी एक उपग्रह प्रक्षेपित किया जाएगा ।’
कारटेग्राफिक श्रृंखला का उपग्रह भी प्रक्षेपित होगा
फेडरेशन ऑफ कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FKCCI) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम से इतर उन्होंने कहा कि 22 उपग्रहों में से 3 भारतीय हैं और शेष वाणिज्यिक हैं। किरण कुमार ने कहा, ‘अगले महीने के अंत में प्रक्षेपण किया जाना है ।’
ISRO ने 2008 में एक मिशन में प्रक्षेपित किए थे 10 उपग्रह
इससे पहले, विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के निदेशक के शिवन ने कहा था कि इसरो के PSLV C34 को प्रक्षेपण के लिए इस्तेमाल किया जाएगा जिसमें अमेरिका, कनाडा, इंडोनेशिया और जर्मनी के उपग्रह सह-यात्री के तौर पर शामिल होंगे। इसरो ने 2008 में एक ही मिशन में 10 उपग्रहों को प्रक्षेपित किया था।