1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UP के इस जिले में लगती है बिहार के शराबियों की जमघट

UP के इस जिले में लगती है बिहार के शराबियों की जमघट

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 11, 2016 05:29 pm IST,  Updated : May 11, 2016 05:29 pm IST

बिहार में नीतिश कुमार सरकार की पूर्ण शराबबंदी की घोषणा के बाद बिहार प्रदेश से सटे उत्तर प्रदेश के बलिया में आबकारी विभाग की तकदीर खुल गई है।

Liquor Ban
- India TV Hindi
Liquor Ban

बलिया: बिहार में नीतिश कुमार सरकार की पूर्ण शराबबंदी की घोषणा के बाद बिहार प्रदेश से सटे उत्तर प्रदेश के बलिया में आबकारी विभाग की तकदीर खुल गई है और जिले में अंग्रेजी शराब की बिक्री में रिकॉर्ड 112 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जिला आबकारी अधिकारी भुवाल सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बिहार में शराब बंदी के बाद से बलिया में अप्रैल में अंग्रेजी शराब की बिक्री में 112 प्रतिशत तथा बीयर की बिक्री में 36 फीसदी का इजाफा हुआ है।

बिहार में शराबबंदी के बाद जिले में आबकारी महकमा किस कदर खास बन गया है, इसका अंदाजा बिहार सीमा से बिल्कुल सटे भरौली में शराब बिक्री के अप्रैल माह के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। जिला आबकारी अधिकारी के बताए आंकड़ों के मुताबिक भरौली में माह अप्रैल में अंग्रेजी शराब की बिक्री में 316 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बीयर की बिक्री में 25 प्रतिशत तथा देशी शराब की बिक्री में चार फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश सरकार ने भी बलिया में शराब बिक्री का लक्ष्य 127 करोड़ से बढ़ाकर 139.6 करोड़ रुपए कर दिया है।

सिंह ने बताया कि राज्य सरकार बलिया में अंग्रेजी शराब की एक और देशी शराब की 13 नई दुकानें खोलने जा रही है। बिहार सीमा से सटे बलिया जिले के ग्रामीण क्षेत्र के शराब दुकानों पर बिहार के शराबियों का जमघट किसी भी वक्त देखा जा सकता है। बलिया से सड़क व रेल मार्ग से तस्करी के जरिए भी शराब बिहार ले जाई जा रही है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक बलिया में पिले दिनों बिहार के तीन जिलों के प्रशासनिक, पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बलिया के अधिकारियों के साथ बैठक कर बलिया से बिहार में की जा रही शराब की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त रणनीति बनाई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत