लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में एक स्कूल की सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने टीचर पर अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है। इसकी खबर लगते ही छात्रा के माता-पिता ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है। स्कूल प्रबंधन ने भी आरोपी टीचर को निलंबित कर दिया है।
ये वाकया है पंजाब में लुधियाना के एक स्कूल का है जहां सातवीं क्लास की एक छात्रा ने कम्प्यूटर टीचर की अश्लील हरकतों के बाद शोर मचाया तो स्कूल प्रिंसिपल और दूसरे टीचर भी इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर छात्रा के माता-पिता स्कूल पहुंचे और हंगामा खड़ा कर दिया। पीड़िता के माता-पिता आरोपी टीचर को कड़ी सज़ा दिलाना चाहते हैं।
माता-पिता के तेवर देखते हुए स्कूल प्रशासन ने भी देर नहीं की और वक्त की नजाकत समझते हुए आरोपी टीचर को बर्खास्त कर दिया। इससे पहले आरोपी से माफीनामा भी लिखवा लिया। उधर, मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। लेकिन, आरोपी खुद को बेकसूर बता रहा है।
आरोपी का कहना है कि उसने पीठ ठोककर छात्रा को महज शाबाशी दी थी। बहरहाल, आरोपी खुद को बचाने के लिए चाहे जो तर्क दे, लेकिन इतना तो साफ है कि सातवीं क्लास की बच्ची टीचर के खिलाफ कोई साजिश नहीं रच सकती, बल्कि उसने जो महसूस किया, उसे ही सबके सामने ला दिया। अब सच्चाई का पता तो जांच के बाद ही लगेगा।
देखिए वीडियो-