1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. MP में बस पानी से भरे खड्ड में गिरने से 13 मरे, 13 घायल

MP में बस पानी से भरे खड्ड में गिरने से 13 मरे, 13 घायल

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 14, 2016 02:18 pm IST,  Updated : Oct 14, 2016 02:18 pm IST

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में नामली के पास आज सुबह एक निजी बस के पानी से भरे खड्ड में गिर जाने से 13 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गये।

Ratlam Bus Accident- India TV Hindi
Ratlam Bus Accident

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में नामली के पास आज सुबह एक निजी बस के पानी से भरे खड्ड में गिर जाने से 13 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गये। हादसे में तीन व्यक्तियों को सकुशल बचा लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस से अब तक 12 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बस रतलाम से जावरा जा रही थी, तब सुबह लगभग साढ़े दस बजे नामली से दो किलोमीटर दूर बारा पत्थर क्षेत्र में यह हादसा हुआ।

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, बस बहुत तेज रफ्तार से जा रही थी और अनियंत्रित होकर पलट गई फिर पानी से भरे खड्ड में जा गिरी । सड़क निर्माण के लिये इस खड्ड से मिट्टी निकाली गई थी जिसके बाद उसमें बारिश का पानी भर गया था । अपुष्ट सूचना के मुताबिक बस में 40 से 45 यात्री सवार थे । एएसपी ने बताया कि हादसे में घायल हुए 13 लोगों को उपचार के लिये निकट के अस्पताल में भेजा गया है। तीन लोगों को सकुशल बचा लिया गया ।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की सहायता से बस को पानी से बाहर निकालने के प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी राहत कार्यों का जायजा लेने के लिये दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो गये हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत